ओबरा में रहस्यमयी मौत से हड़कंप, झाड़ियों में कई दिन पुरानी लाश बरामद

IMG-20260508-WA0189

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

ओबरा, सोनभद्र। ओबरा थाना क्षेत्र के बघबनवा स्थित वैष्णो मंदिर के सामने झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का सड़ी-गली हालत में शव मिलने से गुरुवार को पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर आग की तरह फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं, वहीं लोगों में दहशत और भय का माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही ओबरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से अहम साक्ष्य एकत्र किए।जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर बघबनवा क्षेत्र में वैष्णो मंदिर के सामने रेलवे क्रॉसिंग के पार अचानक तेज दुर्गंध फैलने लगी। पहले लोगों ने इसे सामान्य बात समझकर नजरअंदाज किया, लेकिन बदबू लगातार बढ़ने लगी तो स्थानीय लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद कुछ ग्रामीण और राहगीर आसपास के इलाके में तलाश करने पहुंचे। रेलवे लाइन पार झाड़ियों के बीच जब लोगों की नजर एक शव पर पड़ी तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शव बुरी तरह सड़ चुका था और हालत इतनी खराब थी कि मृतक की पहचान कर पाना संभव नहीं हो सका। घटना की सूचना तुरंत ओबरा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को खाली कराते हुए जांच शुरू कर दी।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर आसपास की झाड़ियों, जमीन और अन्य स्थानों से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ भी की और आसपास के क्षेत्रों में जानकारी एकत्र की।
प्रारंभिक जांच में पुलिस शव को करीब चार से पांच दिन पुराना मान रही है। लंबे समय तक खुले स्थान पर पड़े रहने और गर्मी के कारण शव पूरी तरह सड़ चुका था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल हत्या, दुर्घटना और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।ओबरा पुलिस आसपास के थानों और गांवों से गुमशुदा लोगों का रिकॉर्ड भी खंगाल रही है ताकि मृतक की पहचान की जा सके। शव मिलने के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय लोग घटना को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर बिंदु पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

About the Author

Leave a Reply