नन्हें हाथों में मां की तस्वीर, भावुक प्रस्तुतियों ने जीत लिया सबका दिल

IMG-20260510-WA0047

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। मां सिर्फ एक शब्द नहीं, बल्कि बच्चों की पूरी दुनिया होती है। इसी भाव को जीवंत करते हुए रविवार को परमहंस पब्लिक स्कूल एवं पंडित विद्याधर इंटर कॉलेज कबरी में “मदर्स डे” बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और भावनात्मक माहौल के बीच मनाया गया। विद्यालय परिसर बच्चों की खुशियों, मुस्कुराहटों और मां के प्रति सम्मान की भावनाओं से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अपनी-अपनी माताओं के चित्र विद्यालय में लाकर उन्हें आदरपूर्वक सम्मान दिया। नन्हें बच्चों ने रंग-बिरंगे कार्ड, संदेश और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मां के प्रति अपने प्रेम और श्रद्धा को व्यक्त किया। कई बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।
विद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत बच्चों ने अभिनय, कविता, गीत और संवाद प्रस्तुति के माध्यम से मां के त्याग, ममता और संघर्ष को मंच पर जीवंत कर दिया। बच्चों ने दिखाया कि किस तरह मां हर परिस्थिति में अपने बच्चों के लिए ढाल बनकर खड़ी रहती है। वहीं कुछ प्रस्तुतियों में बच्चों ने मां के प्रति अपने कर्तव्यों और सम्मान की भावना को भी खूबसूरती से प्रस्तुत किया।
विद्यालय के प्रबंधक डॉ. धर्मवीर तिवारी ने कहा कि “मदर्स डे” केवल एक उत्सव नहीं बल्कि मां के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में संस्कार, संवेदनशीलता और पारिवारिक मूल्यों की भावना विकसित होती है।कार्यक्रम में अध्यापक एवं अध्यापिकाओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बच्चों को मां के महत्व से अवगत कराया। शिक्षकों ने कहा कि मां का स्थान जीवन में सबसे ऊंचा होता है और बच्चों को हमेशा उनका सम्मान करना चाहिए।
विद्यालय परिवार की ओर से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम ने मां और बच्चों के रिश्ते को और अधिक मजबूत एवं भावनात्मक बनाने का कार्य किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और बच्चों की उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों से गूंजता रहा।
इस अवसर पर संरक्षक सुरेश तिवारी, प्रधानाचार्य ओमप्रकाश चतुर्वेदी, श्रवण कुमार पाण्डेय, अनुराग त्रिपाठी, कृष्ण देव पाण्डेय, संदीप चौहान, अमिताभ बच्चन, राजू प्रसाद, मनीष दूबे, पूजा सिंह, पूजा पाण्डेय, पायल सोनी, पूजा भारती, प्रीति, श्वेता सिंह, निधि सिंह, श्रेया पाण्डेय सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

About the Author

Leave a Reply