तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार
दुद्धी सोनभद्र। काव्य शक्ति फाउंडेशन व जश्न-ए-आवारगी के संयुक्त तत्वाधान में दिल्ली के कबीरा स्टूडियो सभा कक्ष हरि नगर आश्रम में शनिवार को आयोजित ‘पुरुष की पीड़ा-स्त्री का मन’ काव्य संध्या एवं सम्मान समारोह में दुद्धी निवासी समाजसेवी व साहित्यकार मोहम्मद इसहाक खान को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में स्त्री-पुरुष के भावनात्मक, सामाजिक व मानसिक संघर्षों पर गहन चर्चा हुई। विभिन्न कवियों व साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं से पुरुषों की मौन पीड़ा व स्त्रियों के अंतर्मन को मार्मिक ढंग से उकेरा। इसहाक खान ने अपने काव्य पाठ से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

उन्हें प्रदान प्रशस्ति पत्र में कहा गया कि मुहम्मद इसहाक खान जी ने पधार कर मंच का सम्मान बढ़ाया। आपने अपने काव्य पाठ से सभी को मंत्रमुग्ध किया। मंच आपको सम्मानित करते हुए गौरवान्वित है। हम आपके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता नेम सिंह ने की, जबकि संस्थापिका मधुबाला सिंह भी उपस्थित रहीं।
सम्मानित इसहाक खान ने कहा कि समाज तभी संतुलित बनेगा जब स्त्री-पुरुष एक-दूसरे की भावनाओं को समझें। संवेदनशीलता व संवाद ही परिवार व समाज को मजबूत बनाते हैं। आयोजकों ने सभी का आभार जताया और ऐसे कार्यक्रमों को जारी रखने का संकल्प लिया।






