जरहा रेंज में राजों के रास्ते नेमना तक अवैध बालू खनन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

रात भर ट्रैक्टरों की गड़गड़ाहट से ग्रामीणों की उड़ी नींद

बीजपुर(सोनभद्र)रेणुकूट वन प्रभाग के जरहा वन रेंज में प्रतिबंधित नदी-नालों से अवैध बालू खनन और परिवहन का काला कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है।वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की कथित चुप्पी के चलते खनन माफिया प्राकृतिक संपदा को जमकर नुकसान पहुँचा रहे हैं।आलम यह है कि अब यह अवैध कारोबार सिर्फ रात के अंधेरे तक सीमित नहीं रह गया है बल्कि दिनदहाड़े भी ट्रैक्टर और टिपर बेखौफ होकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं।क्षेत्र की बिच्छी नदी,डीघुल,अजिर नदी,राजो,मोहारे सहित विभिन्न छोटे-बड़े नदी-नालों से रोजाना भारी मात्रा में बालू का अवैध उत्खनन किया जा रहा है।रात हो या दिन इन शांत इलाकों में ट्रैक्टरों की गड़गड़ाहट लगातार जारी है।

इस शोर ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि भारी वाहनों के शोर के कारण लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है जिसका सबसे बुरा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है बच्चे एकाग्रता से पढ़ नहीं पा रहे हैं।सूत्रों की मानें तो इस काले कारोबार में कुछ सफेदपोश ग्राम प्रधान सीधे तौर पर शामिल हैं।चौंकाने वाला तथ्य यह है कि अवैध रूप से निकाला गया यह बालू और बोल्डर गांवों में चल रहे सरकारी विकास कार्यों में ही धड़ल्ले से खपाया जा रहा है।ताजा मामला नेमना गांव का है जहाँ बनाई जा रही सीसी रोड में बिना किसी डर के अवैध बालू का इस्तेमाल किया जा रहा है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी सब कुछ जानते हुए भी धृतराष्ट्र बने हुए हैं।

लगातार हो रहे अवैध खनन से नदियों का स्वरूप बिगड़ रहा है और क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य को अपूरणीय क्षति पहुँच रही है।जानकारों का मानना है कि यदि समय रहते इस पर लगाम नहीं लगाई गई तो आने वाले समय में पर्यावरण और जल स्तर पर इसके गंभीर परिणाम देखने को मिल सकते हैं।जरहा गाँव के राजो निवासी कुछ चिन्हित खनन माफियाओं पर एक वन दरोगा की सरपरस्ती और बढ़ते हौसलों और अधिकारियों की उदासीनता से त्रस्त ग्रामीणों ने अब जिलाधिकारी का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन पर तत्काल लगाम लगाई जाए और इस सिंडिकेट में शामिल सफेदपोशों तथा लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply