बिना मान्यता चल रहे स्कूलों पर चला शिक्षा विभाग का डंडा, कोन में एक विद्यालय सील

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़-(मुन्ना लाल जायसवाल)

कोन(सोनभद्र)। विकास खंड कोन में बिना मान्यता संचालित विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों के खिलाफ शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सोनभद्र के निर्देश पर खंड शिक्षा अधिकारी विश्वजीत कुमार ने क्षेत्र के कई विद्यालयों की जांच कर कार्रवाई की।
जांच के दौरान मिटिहिनियाँ स्थित पान कुंवर इंग्लिश एकेडमी मान्यता संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी, जिस पर खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया। साथ ही वहां अध्ययनरत छात्रों का नामांकन नजदीकी सरकारी अथवा मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा चंद्रभान इंटर कॉलेज बागेसोती, मां गायत्री इंटर कॉलेज बागेसोती, एम.के. पब्लिक स्कूल खरौंधी तथा सरस्वती विद्या मंदिर कोन सहित कई विद्यालयों के प्रबंधकों को नोटिस जारी कर मान्यता संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने या विद्यालय संचालन बंद करने की चेतावनी दी गई है।
खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि डी.सी. शांति इंटर कॉलेज डूबवा बागेसोती, जय मां अमिला बाल विद्या मंदिर नैकहा, आई.ए. इंटर कॉलेज मझिगवां, आदिवासी कोचिंग सेंटर मझिगवां और रामदुलारी इंटर कॉलेज पीपरखाड़ के संबंध में भी बिना मान्यता संचालन की सूचना मिली है। इन संस्थानों को भी नोटिस जारी कर आगामी दिनों में कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास खंड के अंतर्गत बिना मान्यता विद्यालय संचालन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अभिभावकों से अपील की कि बच्चों का नामांकन कराने से पहले संबंधित विद्यालय की मान्यता की जांच अवश्य कर लें।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिना मान्यता विद्यालय संचालकों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Leave a Reply