तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़-(मुन्ना लाल जायसवाल)
कोन(सोनभद्र)।कोन विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के ग्राम पंचायत चांची कला के राजेश्व ग्राम नरहटी और चाची खुर्द में पिछले सप्ताह आए तेज आंधी-तूफान का असर अब ग्रामीणों के जीवन पर भारी पड़ने लगा है। बनखेता के पास बिजली लाइन के करीब पांच खंभे टूटकर गिरने के बाद से पिछले सात दिनों से पूरे इलाके की बिजली व्यवस्था ठप पड़ी है।
बिजली संकट अब केवल रोशनी तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह पेयजल संकट में बदल चुका है। लगभग 1500 की आबादी वाले इन गांवों में मोटर और पानी सप्लाई बंद होने से लोगों को दूर-दराज से पानी ढोना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में महिलाएं और बच्चे सबसे अधिक प्रभावित हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग को लगातार सूचना देने के बावजूद अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका है। फोन करने पर कर्मचारी कॉल तक रिसीव नहीं कर रहे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थिति से परेशान ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द बिजली बहाल करने की मांग उठाई। ग्रामीण अविनाश कुमार, रामआश्रय गुप्त, राकेश कुमार, सचिन कुमार, रितेश कुमार, राजमन और सुरेश बैगा ने कहा कि एक सप्ताह से अंधेरे और पानी संकट के बीच जीवन मुश्किल हो गया है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक उदासीन बना हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल टूटे खंभे बदलवाकर विद्युत आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है।
इस संबंध में पिपरी एसडीओ एस.के. सिंह से सेल फोन पर बात हुई तो उन्होंने बताया कि कल लाइनमैन और जेई को मौके पर भेजकर बिजली बहाल कराने का आश्वासन दिया गया है।






