विजय सोनी
बीजपुर (सोनभद्र):
NTPC Limited रिहंद के सीएसआर विभाग द्वारा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी एक माह तक चलने वाले बालिका सशक्तीकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का भव्य उद्घाटन 21 मई को तरंग प्रेक्षागृह में मुख्य अतिथि परियोजना प्रमुख संजय असाटी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं एनटीपीसी गीत के साथ किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में संदीप नायक, परियोजना प्रमुख (सिंगरौली), श्रीमती प्रज्ञा नायक, अध्यक्षा वनिता समाज, श्रीमती नीलू असाटी, अध्यक्षा वर्तिका महिला मंडल समिति, प्रणय कुमार नायक, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), सतेन्द्र कुमार सिन्हा, महाप्रबंधक (प्रचालन, एनटीपीसी विंध्याचल), माणिक्यन सुरेश, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं एडीएम, एनटीपीसी विंध्याचल), उप समादेष्टा सीआईएसएफ प्रकाश, विभागाध्यक्षगण, वर्तिका महिला मंडल समिति की वरिष्ठ सदस्याएं, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि संजय असाटी ने बालिका सशक्तीकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अभियान केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि बालिकाओं के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सशक्तीकरण का अर्थ है किसी को आत्मनिर्भर, मजबूत और आत्मविश्वासी बनाना। यह अभियान बालिकाओं को शैक्षिक सहयोग, कौशल विकास, व्यक्तित्व निर्माण एवं जीवन कौशल प्रशिक्षण प्रदान करता है।
कार्यशाला में शामिल बालिकाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी प्रतिभागी शक्ति, साहस और आशा की प्रतीक हैं तथा यहां से प्राप्त सीख को अपने आसपास के समाज में भी साझा करें।
इस अवसर पर मानव संसाधन विभागाध्यक्ष राजेश बोयपाई ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि इस वर्ष सात विद्यालयों से कुल 140 बालिकाएं इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग ले रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान बालिका सशक्तीकरण अभियान की पूर्व प्रतिभागियों एवं डीएवी स्कूल की छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। साथ ही पूर्व वर्षों की प्रतिभागी बालिकाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए एनटीपीसी रिहंद के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में डीएवी स्कूल की उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पूर्व कार्यशाला की ‘जेम’ बालिकाओं को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।






