तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। कसारी रामगढ़ स्थित भिखारी बाबा आश्रम परिसर में आयोजित नौ दिवसीय विराट रुद्र महायज्ञ का धार्मिक उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण दिन-प्रतिदिन और अधिक भक्तिमय होता जा रहा है। बुधवार को महायज्ञ के छठवें दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन, भागवत कथा, भजन संध्या और रासलीला ने पूरे क्षेत्र को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
प्रातःकाल शिव मंदिर में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान भोलेनाथ का दुग्धाभिषेक एवं रुद्राभिषेक संपन्न करायाअ गया। आचार्यों के मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर परिवार एवं समाज के कल्याण की कामना की। यज्ञशाला में चल रहे अनुष्ठानों के दौरान भक्तों ने हवन कुंड में आहुति देकर धर्म लाभ अर्जित किया।
वृंदावन से पधारी बाल कथा वाचिका धानी शास्त्री ने श्रीमद्भागवत कथा का भावपूर्ण वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का रसपान कराया। कथा के दौरान श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर कथा श्रवण करते रहे। कथा स्थल पर भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
सांयकाल आयोजित भजन संध्या कार्यक्रम में वाराणसी से आए राष्ट्रीय बाल कलाकार श्री राम कृष्ण, श्री राधा कृष्ण एवं श्री राधे कृष्ण ने एक से बढ़कर एक भजन, गीत और गजल प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। भजनों की मधुर स्वर लहरियों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
वहीं वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत श्रीकृष्ण रासलीला आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। भगवान श्रीकृष्ण और गोपियों की मनमोहक झांकियों तथा जीवंत मंचन को देखने के लिए दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। देर रात तक लोग रासलीला का आनंद लेते रहे और पूरा यज्ञ परिसर जय श्रीराम, हर-हर महादेव तथा राधे-राधे के जयघोषों से गूंजता रहा।
महायज्ञ के आयोजक भिक्षुक भिखारी जंगली दास दीनबंधु रमाशंकर गिरी महाराज ने बताया कि यज्ञ के माध्यम से केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जा रहा है। इसके लिए 251 प्रकार की औषधीय जड़ी-बूटियों से निर्मित विशेष हवन सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे वातावरण शुद्ध होने के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश भी समाज तक पहुंच रहा है।
उन्होंने बताया कि 12 जून को अयोध्या धाम से महंत कमल नयन दास महाराज यज्ञ स्थल पर पहुंचेंगे। वहीं 13 जून को महायज्ञ की पूर्णाहुति के उपरांत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में विवाह बंधन में बंधने वाली कन्याओं को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
महायज्ञ के वैदिक अनुष्ठान आचार्य गोपालधर द्विवेदी, राजेश कुमार पाठक, हरिओम द्विवेदी एवं अमरेश तिवारी के निर्देशन में संपन्न कराए जा रहे हैं। रॉबर्ट्सगंज से आए मुख्य यजमान संजय अग्रवाल उर्फ श्याम जी अग्रवाल एवं चांदनी अग्रवाल सहित अन्य श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक एवं पूजन-अर्चन में भाग लिया।
महायज्ञ स्थल पर प्रतिदिन चल रहे विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में दिनेश, उषा देवी, रूप गुप्ता, देवेंद्र कुमार, चिंता मौर्य, उर्मिला देवी, विमला देवी, दाऊदयाल, विजय सिंह, मनीष कुमार, कृति सागर, शुभराम महाराज, परमानंद, रमेश कुमार, प्रहलाद, रामखेलावन, किरण मोदवाल, शशि देवी, मानवी, कालो देवी, हीरा सिंह, संगीता, मुन्ना बाबा, राजेश, केवलानंद महाराज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।






