तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार
दुद्धी (सोनभद्र)।शासन के निर्देशों के बावजूद जमीन नाप-जोख (पैमाइस) के लिए दर-दर भटक रही एक विधवा महिला की शिकायत अब भी अनसुनी बनी हुई है। दुद्धी कस्बा निवासी ममता मौर्य ने जिलाधिकारी के समक्ष बताया कि उनकी स्वामित्व वाली दो बिस्वा भूमियों पर वे नया मकान बना रही थीं, लेकिन विरोधियों ने निर्माण रोक दिया है।
मामला जून माह के पहले शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के समक्ष उठाया गया था। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद दुद्धी उप-जिलाधिकारी ने मामले के निस्तारण हेतु टीम गठित करने का आदेश दिया। हालांकि निस्तारण अवधि समाप्त होने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। माह के तीसरे शनिवार को दूसरे समाधान दिवस पर पुनः शिकायत देने पर एसडीएम ने मामले को तहसीलदार को सौंप दिया।
ममता मौर्य का आरोप है कि जिलाधिकारी के आदेश पर नोडल अधिकारी ने मात्र टीम गठित दिखा दी, पर मौके पर निस्तारण नहीं कराया गया। इस कारण विरोधी पक्ष अब भी निर्माण में बाधा डाल रहे हैं और वे मानसिक रूप से तनाव में हैं। उन्होंने मांग की है कि संबंधित अधिकारियों द्वारा त्वरित नाप-जोख कराकर उनके निर्माण को बाधारहित कराया जाए और उनके अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि मामले की उचित जांच और तेजी से निपटान के लिए स्थानीय प्रशासन से स्पष्ट कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।






