सोनभद्र के खिलाड़ी रवि सिंह ने वर्ल्ड क्वान की-डो में रजत जीता; लखनऊ में अखिलेश यादव ने किया सम्मानित

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर को-जनरेशन विभाग में कार्यरत अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रवि सिंह को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में सम्मानित किया। समारोह में डॉ. रवि गोंड बड़कू (प्रदेश अध्यक्ष, अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ, समाजवादी पार्टी एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी, ओबरा) भी मौजूद रहे और उन्होंने रवि को बधाई दी।
रवि सिंह ने रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट में आयोजित 8वीं वर्ल्ड क्वान की डो चैंपियनशिप 2026 में रजत पदक जीतकर पूरे देश, उत्तर प्रदेश और सोनभद्र जिले का नाम रोशन किया। इस विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में 37 देशों के खिलाड़ी शामिल हुए थे। रवि उत्तर प्रदेश के पहले ऐसे क्वान की-डो खिलाड़ी बने, जिन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर पदक जीता।
रवि ने इससे पहले ताइक्वांडो में थाइलैंड में ब्रॉन्ज मेडल और नेपाल में गोल्ड मेडल भी जीता है। अपनी इस उपलब्धि का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता और हिण्डालको प्रबंधन — समीर नायक (मुखिया), जसबीर सिंह (क्लस्टर एचआर हेड) और अजय सिन्हा (एचआर हेड) को दिया।

समारोह के दौरान अखिलेश यादव ने रवि को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और कहा कि वे इसी तरह मेहनत, लगन व समर्पण से देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करते रहें। रवि की यह सफलता सोनभद्र जिले के खेल जगत के लिए गर्व और स्थानीय युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत मानी जा रही है।

Leave a Comment