रामनगर का नेशनल हेल्थ केयर हॉस्पिटल तीसरी बार सील,संचालक के खिलाफ मुकदमा, एक युवक हिरासत में

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।कस्बा रामनगर स्थित निजी नेशनल हेल्थ केयर हॉस्पिटल को आज शुक्रवार को उपजिलाधिकारी व CMO के निर्देश पर राजस्व विभाग और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने तीसरी बार सील कर दिया। छापेमारी के दौरान एक युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।
दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधीक्षक डॉ शाह आलम बताया कि रामनगर स्थित निजी नेशनल हेल्थ केयर अस्पताल अवैध तरीके से संचालित हो रहा था। इससे पहले 23 जून को यह अस्पताल सील किया जा चुका है और उसके पहले भी एक बार सीलिंग हुई थी। 23 जून की कार्रवाई के बाद ताला तोड़कर फिर से अस्पताल संचालित करने की शिकायत मिलने पर सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया गया था।
सीलिंग से पहले अस्पताल के एक मरीज को कुछ दूर दूसरे मकान में शिफ्ट किया गया था, जहाँ संयुक्त टीम ने मरीज को पाया। मरीज की पहचान विजय शंकर निवासी रजमिलान थाना बीजपुर के रूप में हुई,जिसे परिजन अपने साथ ले गए ।छापे में नायब तहसीलदार ज्ञानेंद्र कुमार, लेखपाल भूपेंद्र कुमार और अन्य अधिकारी शामिल रहे ।
चिकित्साधिकारी ने बताया कि अस्पताल को सील कर दिया गया है ।उन्होंने यह भी बताया कि टीम के पहुँचते ही अस्पताल पर मौजूद चंदौली निवासी वेद प्रकाश नामक व्यक्ति ने अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और गालियाँ देते हुए धमकाने का प्रयास किया। जब उसे पता चला कि यह आधिकारिक जांच टीम है तो वह भागने का प्रयास कर माफी मांगने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
इस मामले पर एसडीएम निखिल यादव ने अस्पताल संचालक पर मनमानी करने और नियमों की अवहेलना का आरोप लगाते हुए कहा कि उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment