तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार
दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के मुडिसेमर गांव में तेज बारिश के दौरान अचानक गिरी आकाशीय बिजली से 32 वर्षीया मुन्नी देवी पत्नी आशीष कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना बुधवार दोपहर तब हुई जब वह खेत से मवेशियों को लेकर घर लौट रही थीं।
परिजनों के अनुसार अचानक आसमान से चमकीली बिजली गिरी और मुन्नी देवी उसी समय उसकी चपेट में आ गईं। आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हुए, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक सुनील राय सहित पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।
मृतक मुन्नी देवी चार बच्चों की माँ थीं जिनके सिर से मां का साया उठ गया ।घटना से परिजनों सहित पूरे गाँव में शोक की लहर फैल गई। ग्रामीण बच्चे और परिजन की आर्थिक स्थिति को लेकर चिंतित हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता व आगे की मदद दिलाने की मांग की है।






