खरीफ सीजन में किसानों को बड़ी सौगात सोनभद्र में यूरिया-डीएपी का बंपर आवंटन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। खरीफ अभियान-2026 के दौरान किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी की स्वीकृति के बाद जिला स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की संस्तुति पर जनपद की सहकारी समितियों एवं इफको केंद्रों को यूरिया और डीएपी उर्वरक का व्यापक आवंटन कर दिया गया है। इस निर्णय से जिले के हजारों किसानों को खरीफ फसलों की बुवाई और उत्पादन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार जनपद की 70 सहकारी समितियों को कुल 1017.00 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध कराया गया है। वहीं 73 सहकारी समितियों तथा इफको के 12 केंद्रों को 1155.00 मीट्रिक टन डीएपी उर्वरक का आवंटन स्वीकृत किया गया है। स्वीकृत आवंटन के अनुरूप पीसीएफ ने संबंधित समितियों एवं उर्वरक बिक्री केंद्रों तक उर्वरकों की आपूर्ति शुरू कर दी है, जिससे किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके।
जिला प्रशासन का कहना है कि खरीफ सीजन में उर्वरकों की मांग को देखते हुए पहले से ही आवश्यक तैयारियां की गई हैं। लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी क्षेत्र में खाद की कमी उत्पन्न न हो और किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण एवं वितरण व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे अपने निकटतम सहकारी समिति अथवा अधिकृत उर्वरक बिक्री केंद्र से संपर्क कर उर्वरकों की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त करें और केवल निर्धारित सरकारी दरों पर ही उर्वरक खरीदें। किसी भी प्रकार के बहकावे में आकर अधिक कीमत पर खाद खरीदने से बचें तथा अधिकृत केंद्रों से ही उर्वरक प्राप्त करें।
उधर प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि उर्वरकों की कालाबाजारी, ओवररेटिंग, जमाखोरी अथवा कृत्रिम अभाव पैदा करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में तत्काल जांच कर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यदि किसी किसान से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूली जाती है, खाद उपलब्ध होने के बावजूद बिक्री से इनकार किया जाता है या कालाबाजारी जैसी कोई शिकायत सामने आती है, तो किसान तुरंत सहकारिता विभाग के कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9198788248 एवं 9451637073, जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के मोबाइल नंबर 9452165778 अथवा अपर जिला कृषि अधिकारी के मोबाइल नंबर 8881173660 पर सूचना दे सकते हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई कर किसानों के हितों की रक्षा की जाएगी।
खरीफ सीजन में समय पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की यह पहल जिले के किसानों के लिए राहतभरी खबर मानी जा रही है। इससे धान सहित अन्य खरीफ फसलों की बुवाई सुचारु रूप से होने के साथ बेहतर उत्पादन की भी उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Comment