जयप्रकाश चतुर्वेदी जी की स्मृति में अमिलाधाम में लगाए गए सैकड़ों पौधे, दी गई श्रद्धांजलि — संदीप मिश्रा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़-(मुन्ना लाल जायसवाल)

कोन(सोनभद्र)।आज पेड़ हैं तो प्राण हैं” आंदोलन के तहत जनपद सोनभद्र के एक प्रकाश स्तंभ कहे जाने वाले जयप्रकाश चतुर्वेदी जी के निधन पर किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र ने उनके दाह संस्कार में पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।
इसके बाद माई अमिला भवानी परिसर में जयप्रकाश जी की स्मृति में सैकड़ों पौधों का वितरण किया गया और परिसर में पौधारोपण भी किया गया। इस अवसर पर संदीप मिश्र ने कहा कि जयप्रकाश चतुर्वेदी जी का पूरा जीवन जल, जंगल, जमीन, पेड़, पानी और पहाड़ के संरक्षण के लिए समर्पित रहा। आज पूरा आदिवासी समाज शोकाकुल है, क्योंकि उन्होंने आदिवासी समुदाय को सदैव अपने परिवार की तरह माना और उनके उत्थान व संरक्षण के लिए निरंतर कार्य किया।
अमिलाधाम सेवा समिति के अध्यक्ष नवलेश गोण ने कहा कि चतुर्वेदी जी हम सभी के संरक्षक थे। उनका जाना समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने प्रार्थना करते हुए कहा कि मां अमिलाधाम उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें।
धाम के वरिष्ठ सदस्य लक्ष्मण वादी जी ने कहा कि जयप्रकाश जी हम सबके मसीहा थे। आज हम सभी दुखी हैं, लेकिन उनकी स्मृतियों को जीवित रखने के लिए उनकी याद में पौधारोपण किया जा रहा है।
राजू पासवान ने कहा कि जयप्रकाश जी हमारे अभिभावक के समान थे। उनका जाना समाज के लिए बहुत बड़ी क्षति है और उन्होंने हम सभी को अनाथ जैसा कर दिया है। उनकी यादें और उनका योगदान सदैव समाज को प्रेरणा देते रहेंगे।
कार्यक्रम में उमेश पासवान, कुलदीप पासवान, बिंदू खरवार, मुखलाल चेरो, शत्रुधन बिंद, विजय चौहान, दिनेश चेरो सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment