महिला के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने के आरोपी को जेल भेजती पुलिस

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रदीप चन्द्रवंशी

केतार : झामुमो महिला मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष फूल कुमारी देवी के साथ हुई मारपीट के मामले में केतार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह नामजद आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. दर्ज प्राथमिकी के नामजद अभियुक्त राकेश कुमार सिंह ताली गांव निवासी को विधिवत गिरफ्तार कर सोमवार को उसे न्यायिक हिरासत में दिया गया. उल्लेखनीय है कि शनिवार की शाम फूल कुमारी देवी के साथ उनके घर के बाहर लाठी-डंडों से मारपीट की गई थी. जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद रविवार देर शाम पीड़िता फूल कुमारी देवी ने केतार थाना में आवेदन देकर हत्या के प्रयास, मारपीट, गंभीर चोट पहुंचाने, महिला की लज्जा भंग करने, पीछा करने, चोरी, आपराधिक धमकी तथा गैरकानूनी जमाव सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत छह लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी. प्राथमिकी के आलोक में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. वहीं मामले के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
इधर, घायल फूल कुमारी देवी का इलाज सदर अस्पताल, गढ़वा में चल रहा है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है. घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है.

Leave a Comment