बीजपुर में कूड़े के ढेर से परेशान ग्रामीण संक्रामक बीमारियों का खतरा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर(सोनभद्र):स्वच्छ भारत मिशन के तहत केंद्र और राज्य सरकारें ग्रामीण अंचलों को साफ़-सुथरा बनाने के लिए करोड़ों रुपये पानी की तरह बहा रही हैं।लेकिन धरातल पर स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत नजर आ रही है। बीजपुर क्षेत्र में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर सरकारी दावों की हवा निकाल रहे हैं।गंभीर बात यह है कि बीजपुर ग्राम पंचायत को साफ-सफाई के लिए सरकार से नियमित फंड मिलने के साथ यहाँ स्थित नवरत्न कंपनी एनटीपीसी द्वारा भी समय-समय पर स्वच्छता अभियान चलाए जाते हैं।इसके बावजूद गाँव की हालत जस की तस बनी हुई है।ग्रामीणों का आरोप है कि न तो सफाई कर्मचारी अपने काम पर ध्यान दे रहे हैं और न ही ग्राम प्रधान को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने में कोई रुचि है।सबसे बदतर हालत सब्जी मंडी की है। यहाँ सड़क किनारे फेंके गए कचरे के ढेर में अब कीड़े पड़ चुके हैं।सड़ते हुए कूड़े से उठने वाली तीव्र दुर्गंध के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों का वहाँ से गुजरना तक दूभर हो गया है।बदबू इतनी तेज है कि लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया है।मानसून की बारिश के कारण कचरा पानी में मिलकर सड़ रहा है जिससे स्थिति बेहद नारकीय हो गई है। स्थानीय निवासियों को डर है कि इस भीषण गंदगी से क्षेत्र में हैजा,डेंगू और मलेरिया जैसी खतरनाक संक्रामक बीमारियाँ फैल सकती हैं।ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि बीजपुर की बिगड़ी सफाई व्यवस्था पर तत्काल ध्यान दिया जाए और जिम्मेदार कर्मचारियों अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए सफाई कार्य शुरू कराया जाए।इस बाबत ग्राम प्रधान दशमती गुप्ता ने बताया कि साफ सफाई का काम चल रहा है सफाई कर्मी काम नही कर पाने के कारण यहा मजदूरों से सफाई करानी पड़ती है।

Leave a Comment