ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, सिर धड़ से हुआ अलग

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –

सिरसोती में कोयला परिवहन करने वाली ट्रेन की चपेट में आया युवक, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

विजय सोनी

बीजपुर। सिरसोती गांव में मंगलवार की देर रात एक दर्दनाक हादसे में युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया। घटना की जानकारी बुधवार सुबह होने पर परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, सिरसोती में एमजीआर गेट के आगे मंगलवार की रात गोविंद जायसवाल पुत्र दीपक जायसवाल उर्फ राजेंद्र जायसवाल के पुत्र की एनटीपीसी में कोयला परिवहन करने वाली ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। वहां का भयावह दृश्य देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बताया गया कि मृतक शक्तिनगर में काम करता था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। पिता की मौत की खबर से बच्चों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। घटनास्थल पर सीआईएसएफ के जवानों के साथ एनटीपीसी के उच्चाधिकारी भी मौजूद रहे।
वहीं, मृतक के परिजनों ने एनटीपीसी प्रबंधन से परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने के साथ उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है। घटना को लेकर गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a Comment