बीजपुर बाजार में शौचालय निर्माण की मांग ।।

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर (सोनभद्र) बीजपुर बाजार में सार्वजनिक शौचालय की सुविधा नहीं होने से स्थानीय लोगों, दुकानदारों और दूर-दराज से आने वाले खरीदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर साप्ताहिक बाजार के दिन हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ जुटती है। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिला और पुरुष खरीदारी करने पहुंचते हैं, लेकिन पूरे बाजार में शौचालय की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को काफी दिक्कत होती है। इस समस्या से सबसे अधिक परेशानी महिलाओं को होती
है।
क्षेत्र के डोडहर, मोखना, नेमना सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं साप्ताहिक बाजार में सब्जियां बेचने आती हैं। घंटों बाजार में रहने के बावजूद शौचालय की सुविधा नहीं मिलने से उन्हें काफी असुविधा झेलनी पड़ती है। व्यवसायी राजेंद्र गुप्ता और लल्लन सिंह ने बताया कि दूर-दराज से सब्जियां बेचने आने वाले ग्रामीणों के साथ ही बाजार में खरीदारी करने पहुंचने वाले ग्राहकों को भी इस समस्या से जूझना पड़ता है। सार्वजनिक शौचालय के अभाव में महिलाओं की परेशानी और बढ़ जाती है।
व्यवसायियों ने जनहित में बीजपुर बाजार में जल्द से जल्द सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराने की मांग किया है।
इस संबंध में पंचायत सहायक सुनील सिंह ने बताया कि पिछले पंचवर्षीय कार्यकाल में बीजपुर बाजार में शौचालय निर्माण का कार्य शुरू कराया गया था। इसके लिए नींव भी रख दी गई थी, लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध के बाद एनटीपीसी प्रबंधन ने निर्माण कार्य रुकवा दिया था। उन्होंने बताया कि एनटीपीसी प्रबंधन से वार्ता कर जल्द ही शौचालय निर्माण कराने का प्रयास किया जाएगा

Leave a Comment