ओवरलोड राख परिवहन और वाहनों की बेतरतीब पार्किंग से ग्रामीण हलकान लगा जाम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर (सोनभद्र) एनटीपीसी रिहंद से हो रहा ओवरलोड राख परिवहन अब स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों के लिए जी का जंजाल बन गया है। एक तरफ जहां भारी-भरकम ओवरलोड वाहनों के दबाव से क्षेत्र की सड़कें समय से पहले ही जर्जर और गड्ढों में तब्दील हो रही हैं वहीं दूसरी तरफ वाहन चालकों की मनमानी के कारण आए दिन लगने वाले जाम ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है।सोमवार को सिरसोती गांव में राख लोड करने जा रहे हाइवा और ट्रेलर चालकों ने अपने भारी वाहनों को सड़क पर ही एक लंबी कतार में खड़ा कर दिया जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और देखते ही देखते जाम की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि राख ढोने वाले इन वाहनों पर प्रशासन या प्रबंधन का कोई अंकुश नहीं रह गया है।चालक अपनी सुविधा के अनुसार सड़क पर जहां-तहां वाहन खड़ा कर देते हैं जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है।सड़क पर भारी वाहनों के कब्जे और जाम के कारण सबसे अधिक परेशानी छोटे वाहन चालकों,दोपहिया सवारों और पैदल राहगीरों को उठानी पड़ रही है।रोजाना समय पर स्कूल पहुंचने वाले छात्र-छात्राएं और काम पर जाने वाले श्रमिक घंटों जाम में फंसे रहते हैं, जिससे उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है।स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकृष्ट कराते हुए ओवरलोड परिवहन पर तत्काल रोक लगाने और सड़क पर बेतरतीब वाहन खड़ा करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग किया है।

Leave a Comment