तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – मनोज पटेल
138 प्रार्थना पत्रो में 07 का मौके पर किया गया निस्तारण
मिर्जापुर, ब्यूरो। सरकार की मंशा है कि जनपद के दूर दराज से आने वाले समस्याग्रस्त फरियादियों के समस्याओं का तहसील स्तर पर गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध तरीके से निस्तारण हो तभी तहसीलो में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य पूरा होगा। सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त जन शिकायतों व समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जायें ताकि फरियादियों को बार-बार जिला मुख्यालय व तहसील पर भटकना न पड़ें। उक्त विचार जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने शनिवार को तहसील लालगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में व्यक्त करते हुये अधिकारियों को निर्देशित भी किया कि प्रार्थना-पत्रों को गम्भीरता से लेते हुये निस्तारण करें। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह ने आज तहसील लालगंज में आये फरियादियों की समस्याओं को सुना तथा उसके निस्तारण के लिये सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को प्रेषित किया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकांश शिकायते जमीन विवाद, पैमाइश, अवैध कब्जा, राशन वितरण आदि से सम्बन्धित प्राप्त होने पर उपस्थित तहसीलदार को निर्देशित किया कि लेखपाल व कानूनगो ऐसे प्रकरणों को मौके पर जाकर जमीनी स्तर पर निष्पक्ष जाँच करे तथा समयबद्ध तरीके से निस्तारण करें। उन्होने कहा कि निस्तारित प्रकरणों के बाद पुनः यदि फरियादी अपने शिकायत को लेकर तहसील दिवस में आता है तो सम्बन्धित के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। अतएव निस्तारण के समय गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जायें। अधिशासी अभियन्ता सिरसी के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई, समाधान,आईजीआरएस प्रणाली के माध्यम से प्राप्त प्रार्थना पत्रों को भी अधिकारी अपने विभागीय पोर्टल पर प्रतिदिन देखते हुये प्राप्त प्रार्थना पत्रो को तीन दिवस में निस्तारण करना सुनिश्चित करें। प्रार्थना पत्रों के डिफाल्टर होने पर कड़ी कार्यवाही की जायेगी। सम्पूर्ण समाधान दिवस में मौजा लाँयन तप्पा उपरौध परगना कंतित तहसील लालगंज के ग्रामवासियो के एक समूह द्वारा गाँव के कोटेदार खिलाफ सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अन्तर्गत राशन न देने की लिखित शिकायत पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को एक सप्ताह के अन्दर जाँच कर कार्यवाही करने का निर्देश दिया। इसी क्रम में राजेश मिश्रा द्वारा रोड निर्माण की जाँच कराये जाने के सम्बन्ध में, लल्लू पुत्र विनायक द्वारा आवासीय भूमि पट्टा किये जाने के सम्बन्ध में, सविता कुमारी द्वारा राशन कार्ड जारी किये जाने, श्यामनरायन, अनिल एवं शैलेन्द्र द्वारा वसूली प्रमाण-पत्र रोकवाये जाने व जमीन सम्बन्धी समस्या का समाधान करने हेतु जैसी कई शिकायत पत्रों पर जिलाधिकारी ने गम्भीरता से निस्तारण करने का निर्देश दिया। तहसील लालगंज में प्राप्त 138 प्रार्थना पत्रो में 07 का मौके पर किया गया निस्तारण, वहीं तहसील सदर में प्राप्त 89 प्रार्थना पत्रों में एक का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील लालगंज में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. पीडी गुप्ता, जिला विकास अधिकराी साहित्य प्रकाश मिश्र तहसीलदार फूल चन्द यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी अरविन्द कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती वाणी वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी श्री गिरीश चन्द्र दूबे, जिला सूचना अधिकारी डा. पंकज कुमार सहित सभी जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।
………………………






