तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – इब्राहिम खान
दुद्धी/सोनभद्र
सूर्य उपासना का पर्व छठ पूजा के लिए छठ घाटों पर तैयारियों का आज शनिवार को दुद्धी उप जिलाधिकारी रमेश कुमार ने दुद्धी सीओ राम आशीष यादव तथा पिपरी सीओ विजय शंकर मिश्रा के साथ विभिन्न छठ घाटों का जायजा लिया।तहसील क्षेत्र के उर्जान्चल क्षेत्र के कई पूजा घाटों का निरीक्षण किया और आयोजक मण्डल को आवश्यक निर्देश दिए।
दुद्धी उप जिलाधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि आगामी 10 नवंबर की शाम से लेकर 11 नवंबर की सुबह के बीच छठ पूजा का कार्यक्रम आयोजन होना है । त्यौहार के उपलक्ष्य में शांति व्यवस्था, सुरक्षा, जलापूर्ति, प्रकाश व साफ-सफाई आदि का जायजा लिया गया है।उन्होंने बताया कि मुख्य रूप से आश्रम अवधूत भगवान हाई टेक कॉलोनी, गुरुद्वारा, मिताली क्लब,वन विभाग कार्यालय रेलवे स्टेशन रेनुकूट के साथ-साथ पिपरी डैम तथा तुर्रा में विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया गया। नगर पंचायत के कर्मचारियों को साफ सफाई करने तथा लाइट की व्यवस्था करने के लिए अधिशाषी अधिकारी रेनुकूट और पिपरी को निर्देशित किया गया।इसके अलावा औड़ी, रेनुसागर तथा अनपरा आदि छठ पूजा घाटों का जायजा लिया।
इसके पूर्व दुद्धी तहसीलदार ज्ञानेन्द्र कुमार यादव के साथ रजखड़, लौवा नदी, शिवाजी तालाब दुद्धी तथा विंढमगंज के छठ घाटों का निरीक्षण किया।
इस बार विशेष प्रबंध करते हुए गोताखोरों की भी व्यवस्था की गई है ताकि किसी भी अनहोनी से समय रहते निपटा जा सके। इसके साथ ही साथ पानी की व्यवस्था किए जाने तथा लोगों की सुरक्षा हेतु महिला पुलिस की ड्यूटी विभिन्न स्थानों पर लगाने पर विचार विमर्श किया गया।
छठ पूजा घाटों के निरीक्षण के दौरान रेनुकूट व पिपरी नगर पंचायत तथा हिंडाल्को के कर्मचारी सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।






