विधानसभा चुनाव बहिष्कार का बैनर लगाकर प्रदर्शन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – प्रदीप दुबे

गाजीपुर। वर्षों से सड़क की बदहाली झेल रहे नगर के पांडेय कालोनी के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने कालोनी के मुख्य द्वार पर विधानसभा चुनाव बहिष्कार का बैनर लगाकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां भाजपा विकास का ढिंढोरा पीट रही है। वहीं हम लोग वर्षों से सड़क और जल-जमाव की बदहाली से जूझ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पांडेय कालोनी विकास भवन से मात्र सौ मीटर की परिधि और सदर ब्लाक के सामने स्थित है। वर्ष 2016 में कालोनी की पिच सड़क को आरसीसी करने के लिए उखाड़ दिया गया। उस समय सपा की सरकार थी। इसके बाद 2017 से भाजपा की सरकार है, लेकिन बजट के अभाव में कालोनी की सड़क, नाली बनी। उस पर से सीवर लाइन बिछाने के नाम पर जलकल विभाग द्वारा कालोनीवासियों की परेशानियों को और बढ़ाने का कार्य किया गया। पानी की पाइप ऐसी बिछाई गई कि हर महीने कही न कही से फटती है। इससे महीनों मार्ग पर पानी लगा रहता है। इससे आवागमन करने वालों की परेशानियों में इजाफा हो जाता है। महीनों बाद फटी पाइप को सही किया जाता है। खराब सड़क और जल-जमाव से आएदिन बाइक और पैदल आवागमन करने वालों गिरकर घायल होते रहते है। इस कालोनी में 90 प्रतिशत वरिष्ठ नागरिक रहते है। कालोनी जाने के लिए मात्र यही रास्ता है। कहा कि सड़क की दशा सुधारने के लिए कई बार शासन को पत्र भेजने के साथ ही संबंधित अधिकारियों के साथ ही जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।

Leave a Comment

[democracy id="1"]