तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
ओबरा, सोनभद्र। मुख्यमंत्री द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत बुधवार 15 अक्टूबर 2025 को स्थानीय स्वामी सत्यानंद सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल (अय्यप्पा), ओबरा में नारी सुरक्षा व जागरूकता पर आधारित विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी ओबरा हर्ष पांडे ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. चारू द्विवेदी, मिशन शक्ति नोडल अधिकारी उपस्थित रहीं।कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षकों को महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण टोल फ्री नंबरों 1090, 181, 112, 1076, 1098 तथा साइबर फ्रॉड के लिए 1930 हेल्पलाइन नंबर की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इन नंबरों पर त्वरित मदद और परामर्श प्राप्त किया जा सकता है। विशेष रूप से छात्राओं को इंटरनेट पर सुरक्षित रहने और साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्क रहने की अपील की गई।इस अवसर पर उपस्थित छात्राओं को “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” विषय पर आधारित एक प्रेरक लघु फिल्म दिखाई गई, जिसमें महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं के उत्साहवर्धन हेतु दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यालय की कई छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया (थाना ओबरा), कांस्टेबल प्रवीण राय, कांस्टेबल यशवंत सरोज और महिला आरक्षी अर्चना का विशेष योगदान रहा। सभी उपस्थित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन ने संयुक्त रूप से समाज में महिला सुरक्षा, सम्मान और समानता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडे ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य केवल सुरक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि हर बेटी में आत्मविश्वास और स्वावलंबन को बढ़ावा देना है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे किसी भी असुरक्षा या साइबर समस्या की स्थिति में बिना संकोच हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।कार्यक्रम का समापन छात्राओं और शिक्षकों के बीच संवाद सत्र के साथ हुआ, जिसमें महिलाओं की सुरक्षा, जागरूकता और समाज में समान अधिकारों के विषय पर विचार साझा किए गए।






