तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
दुद्धी (सोनभद्र)। कस्बे में सोमवार की सुबह एनएच-39 मार्ग पर स्थित राज ऑटोमोबाइल्स महिंद्रा ट्रैक्टर एजेंसी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रैक्टर अनलोडिंग के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सुबह लगभग 10 बजे ट्रेलर से ट्रैक्टर उतारने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर स्लिप कर गया, जिससे एजेंसी के असिस्टेंट मैनेजर गणेश दत्त पांडे (45) पुत्र कृष्ण दत्त पांडे निवासी वार्ड संख्या दो, बढ़नी नाला, उसकी चपेट में आ गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गणेश दत्त पांडे खुद ट्रैक्टर चालक बनकर ट्रेलर से ट्रैक्टर उतार रहे थे। अनलोडिंग के समय ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेलर की पट्टियों से फिसलते हुए किनारे उतर गया। इस दौरान वे पैर फंसने से गिर पड़े और ट्रैक्टर का एक हिस्सा उनके ऊपर आ गया। जैसे ही मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने यह नजारा देखा, उन्होंने तत्काल ट्रैक्टर को नियंत्रित किया और किसी तरह उन्हें सुरक्षित स्थान पर खींच लिया।घायल मैनेजर को तत्काल समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें स्थिर बताया है। चिकित्सकों के अनुसार उन्हें हाथ और पैर में चोटें आई हैं, लेकिन स्थिति खतरे से बाहर है।एजेंसी के अन्य कर्मचारियों ने बताया कि यदि थोड़ी भी देर हो जाती तो यह हादसा गंभीर रूप ले सकता था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैक्टर अनलोडिंग के दौरान सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग न किया जाना दुर्घटना का कारण बना। वहीं एजेंसी प्रबंधन ने भविष्य में ऐसे हादसों से बचाव के लिए सुरक्षा नियमों को कड़ाई से लागू करने की बात कही है।इस हादसे ने एक बार फिर से वाहन लोडिंग-अनलोडिंग प्रक्रिया में सतर्कता की अहमियत को उजागर किया है।





