तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र के ओबरा नगर में एक बार फिर रोशनी और श्रद्धा का संगम देखने को मिलेगा।
देव दीपावली के पावन अवसर पर इस वर्ष भी नगर की गलियाँ, घाट और मार्ग दीपों से आलोकित होंगे। युवा जागरण मंच देव दीपावली आयोजन समिति द्वारा सेक्टर-8 स्थित आरती चित्र ग्राउंड में भव्य देव दीपावली महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।पूरे नगर में उत्साह और उमंग का वातावरण है। समिति सदस्यों और युवाओं ने आरती चित्र ग्राउंड को सुंदर सजावट से दुल्हन की तरह सजा दिया है। रंगीन झालरें, पुष्प मालाएँ और असंख्य दीप पंडाल की भव्यता को और बढ़ा रहे हैं। नगर के कोने-कोने में साफ-सफाई और सजावट का कार्य जोरों पर है।समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, इस बार का आयोजन पिछले वर्षों की तुलना में अधिक आकर्षक रहेगा। देशभर से आने वाले प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को सुर, लय और भक्ति के रंगों में रंग देंगे। दीपों की झिलमिल रोशनी, मंच पर गूंजते भक्ति गीत, विशेष गंगा आरती और पौराणिक झांकियाँ मुख्य आकर्षण रहेंगी।आयोजन समिति का कहना है कि देव दीपावली केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, एकता और परंपरा का प्रतीक है। स्थानीय नागरिक, स्वयंसेवक और प्रशासनिक अधिकारी आयोजन की सफलता के लिए पूर्ण समन्वय में लगे हैं।नगर के वरिष्ठ नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि इस बार भी ओबरा दीपों के सागर में नहाएगा और सम्पूर्ण नगर दिव्य प्रकाश में नहाकर श्रद्धा और भक्ति की अलौकिक ज्योति से आलोकित होगा।






