तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र ओबरा में गाड़ी चलाने वालों पर टूटी पुलिस की कहर नशे में वाहन चलाने वालों पर अब ओबरा पुलिस की पैनी नजर है। शनिवार देर शाम थाना ओबरा पुलिस ने क्षेत्र में शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा कसते हुए शारदा मंदिर डिग्री कॉलेज मार्ग पर स्थित देसी और इंग्लिश शराब भट्टी के पास विशेष चेकिंग अभियान चलाया। प्रभारी निरीक्षक विजय चौरसिया के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई ने इलाके में हड़कंप मचा दिया।पुलिस टीम ने अभियान के दौरान हर गुजरने वाले संदिग्ध वाहन चालक को रोककर अल्कोहल डिटेक्शन मशीन (माउथ एनालाइजर) से जांच की। जांच के दौरान कई वाहन चालकों के मुंह में अल्कोहल की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई। पुलिस ने मौके पर ही चालान काटकर सख्त चेतावनी दी कि नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर अब सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।प्रभारी निरीक्षक विजय चौरसिया ने बताया कि नशे में वाहन चलाना न केवल सड़क सुरक्षा के लिए खतरा है, बल्कि यह गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने आम जनमानस से अपील की कि वे सड़क पर उतरने से पहले जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं और शराब पीकर वाहन चलाने जैसी घातक गलती न करें।अभियान के दौरान पुलिस कर्मियों ने वहां मौजूद लोगों को यातायात सुरक्षा और नियमों के पालन के संबंध में जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है, और यदि समाज इस दिशा में मिलकर प्रयास करे तो सड़कों पर होने वाली अधिकांश दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस मुहिम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सख्त अभियान क्षेत्र में अनुशासन कायम करने में मददगार साबित होंगे। लोगों का कहना था कि शराब के नशे में वाहन चलाना सड़क हादसों का बड़ा कारण बन चुका है और ओबरा पुलिस की यह पहल समय की मांग थी।ओबरा थाना क्षेत्र में चलाया गया यह चेकिंग अभियान सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि क्षेत्र में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।






