मोबाइल झपटमारों को दबोचा दो एंड्रॉइड फोन बरामद

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस ने झपट्टा मारकर मोबाइल फोन छीनने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।घटना 12 जून 2025 की है, जब ग्राम कुतुलुपुर निवासी युगल किशोर की पुत्री मधुपुर बाजार से घर लौट रही थी। रास्ते में ग्राम बट के पास अज्ञात बदमाशों ने झपट्टा मारकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया था। घटना के संबंध में थाने पर मु0अ0सं0 1089/2025 धारा 304(2) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग दर्ज किया गया था।पुलिस को अभियुक्तों की तलाश में सफलता तब मिली जब मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि झपटमार रॉबर्ट्सगंज रेलवे स्टेशन रोड की ओर आए हुए हैं। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सचिन चौहान पुत्र इन्द्रेश चौहान (20 वर्ष) निवासी ग्राम भरतपुरा, थाना धनघटा, जनपद संत कबीरनगर तथा संजय चौहान पुत्र इन्द्रेश चौहान (28 वर्ष) निवासी ग्राम भरतपुरा, थाना धनघटा, जनपद संत कबीरनगर के रूप में हुई है। उनके कब्जे से झपट्टामारी में प्रयुक्त दो एंड्रॉइड मोबाइल बरामद किए गए।पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे टाइल्स का कार्य करते हैं और विभिन्न जनपदों में घूम-घूमकर काम करते हैं। लगभग पांच–छह माह पूर्व रॉबर्ट्सगंज में कार्य के दौरान उन्होंने एक साइकिल सवार लड़की से मोबाइल छीनने की वारदात को अंजाम दिया था। उन्होंने बताया कि घटना के बाद वे अपने गृह जनपद भाग गए थे। पुलिस ने पूछताछ के आधार पर झपट्टामारी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की बरामदगी के लिए थाना धनघटा, जनपद संत कबीरनगर में एक टीम रवाना की है।पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी और बरामदगी में उपनिरीक्षक रवीकांत मिश्रा, चौकी प्रभारी सुकृत, कांस्टेबल सोमचंद्र, सोनू कुमार तथा चालक कांस्टेबल सुधीर कुमार की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Comment