तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –किरण साहनी
सोनभद्र ओबरा नगर में आस्था, श्रद्धा और संस्कृति का अनुपम संगम देखने को मिल रहा है, जहां आरती चित्र फील्ड सेक्टर-8 में युवा जागरण मंच द्वारा इस वर्ष भी भव्य देव दीपावली महोत्सव का आयोजन बड़े ही धूमधाम और हरषोल्लास के साथ किया जा रहा है। नगरवासियों में कार्यक्रम को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। दीपों की रोशनी से ओबरा नगरी जगमगाने को तैयार है, वहीं आयोजन स्थल को आकर्षक साज-सज्जा से स्वर्गिक रूप दिया गया है।आज 5 नवंबर 2025 की शाम 6:00 बजे से कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। इससे पहले दोपहर 3:00 बजे से दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आरंभ होगा। स्कूली बच्चों द्वारा बनाई गई रंग-बिरंगी आकर्षक रंगोलियों ने वातावरण को और भक्तिमय बना दिया है। जैसे-जैसे संध्या समय निकट आ रहा है, स्थल पर श्रद्धालुओं और दर्शकों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। हजारों दीपों की जगमगाहट से पूरा मैदान अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करेगा।इस वर्ष के आयोजन की मेला अध्यक्ष नगर पंचायत अध्यक्ष चांदनी होंगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गौड़, सदर विधायक भूपेश चौबे, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल, पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल चौबे तथा दुद्धी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी संजीव गौड़ शिरकत करेंगे।विशिष्ट अतिथियों में भोजपुरी सुपरस्टार समर सिंह, प्रसिद्ध कलाकार पुनीत जेटली उर्फ पागल बाबा काशी, लोकप्रिय गायिका खुशी कक्कड़, कार्यक्रम संयोजक अमित उपाध्याय, संस्थापक विपुल शुक्ला, युवा समाजसेवी अमित अग्रवाल, नीरज भाटिया, सभासद राजू साहनी, शिखर सोनी, सूरज मिश्रा, सौरभ सिंह, सभासद राहुल श्रीवास्तव, मजदूर नेता नमाज खान नवाज खान एवं संदीप सिंह मुख्य आयोजक के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम संचालन राकेश अग्रहरी द्वारा किया जाएगा।वाराणसी से आमंत्रित विद्वान पंडितों द्वारा शाम 8:00 बजे से पूजन-अर्चन की विशेष विधि संपन्न कराई जाएगी। इसके बाद विविध भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से संगीत और श्रद्धा का अनोखा संगम प्रस्तुत किया जाएगा।देव दीपावली महोत्सव को लेकर पूरे नगर में उल्लास और श्रद्धा का वातावरण व्याप्त है। इस बार की देव दीपावली केवल रोशनी और सजावट का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गौरव और सामूहिक उत्सव भावना का संदेश भी दे रही है।ओबरा की धरती पर आज की यह देव दीपावली नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक आनंद का अद्वितीय अवसर लेकर आई है।






