शाहगंज में स्कूल बस की चपेट में आई मासूम, परिवार में मचा कोहराम

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। शाहगंज थाना क्षेत्र के अरंगी गांव में मंगलवार को उस समय हृदयविदारक घटना घट गई जब एक स्कूली बस ने तीन वर्षीय मासूम बच्ची को कुचल दिया। हादसे में बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि बस चालक फरार हो गया।जानकारी के अनुसार कलावती देवी शिक्षण संस्थान, पगिया में एलकेजी से इंटर तक की पढ़ाई होती है। मंगलवार दोपहर स्कूल की बस (संख्या UP 64 T 6383) नियमित रूप से छात्रों को उनके घर छोड़ रही थी। इसी क्रम में जैसे ही बस अरंगी गांव पहुंची और बच्चों को उतारा जा रहा था, तभी धर्मेंद्र विश्वकर्मा की तीन वर्षीय बेटी सुभि अपने घर के दरवाजे के सामने खेल रही थी। चालक की लापरवाही से बच्ची बस के पहियों की चपेट में आ गई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बस ड्राइवर बिक्की उर्फ बेचन वाहन सहित फरार हो गया।इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। मृतका के पिता धर्मेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि उसी स्कूल में उनका बेटा भी पढ़ता है। उनकी नन्ही बेटी रोज अपने भाई को स्कूल बस तक छोड़ने और वापस आने पर दरवाजे पर इंतजार करने की आदत रखती थी। धर्मेंद्र का आरोप है कि ड्राइवर इस बात को जानता था, फिर भी उसने लापरवाहीपूर्वक बस चलाकर उनकी बेटी की जान ले ली। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की है कि लापरवाह ड्राइवर और विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी और बच्चे के साथ ऐसा हादसा न हो।गांव के लोगों ने भी इस घटना के बाद आक्रोश व्यक्त किया और प्रशासन से मांग की कि जिले में चल रहे ऐसे सभी निजी विद्यालयों की जांच की जाए जो बिना मान्यता के संचालित हैं और बच्चों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह लापरवाह हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिक्षा विभाग को ऐसे संस्थानों पर अंकुश लगाना चाहिए और सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले स्कूलों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।इस दर्दनाक हादसे ने न सिर्फ एक परिवार को उजाड़ दिया बल्कि यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि आखिर स्कूली बच्चों की सुरक्षा के प्रति प्रशासन और संस्थान कितने गंभीर हैं।

Leave a Comment