तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
दुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय नगर के ऐतिहासिक शिवाजी तालाब पर बुधवार की शाम तहसील प्रशासन द्वारा 14वीं देव दीपावली का आयोजन धूमधाम से किया गया। तालाब परिसर 5100 दीपों की उज्ज्वल रोशनी से जगमगा उठा और वातावरण में भक्ति व उत्साह का संगम दिखाई दिया। पूरी देव दीपावली परंपरागत आस्था और श्रद्धा के साथ मनाई गई।मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी दुद्धी निखिल कुमार यादव उपस्थित रहे। उनके साथ नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, तहसीलदार अंजनी कुमार गुप्ता समेत तमाम गणमान्य नागरिकों की उपस्थित से समारोह का गौरव और भी बढ़ गया। कार्यक्रम की रूपरेखा तहसील प्रशासन द्वारा तैयार की गई थी, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी लेखपाल अरुण कुमार कनौजिया ने संभाली।इस अवसर पर देव दीपावली की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण व दीप प्रज्वलन से हुई। भक्तिमय संगीत, गंगा आरती और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति से शिवाजी तालाब का वातावरण आध्यात्मिक और आनंदमय बना रहा। तालाब किनारे देवी-देवताओं की झांकियों और रंग-बिरंगी रोशनियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ा दी।तहसील प्रशासन ने बताया कि लगभग 14 वर्ष पूर्व तत्कालीन तहसीलदार जितेंद्र कुमार सिंह ने दुद्धी के शिवाजी तालाब पर देव दीपावली उत्सव की शुरुआत कर इस परंपरा को जन्म दिया था। तभी से प्रतिवर्ष इसे बड़े उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाया जाता है। इस वर्ष भी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 5100 दीपों से तालाब को सजाया गया।देव दीपावली समारोह के दौरान आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में नगर के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में लिटिल एंगल एकेडमी की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के प्रबंधक राजेश कुमार के निर्देशन और शिक्षिका चांदनी मैडम के मार्गदर्शन में क्लास 7 की छात्रा महविश खान सहित कई छात्राओं ने शानदार रंगोली प्रस्तुत की। द्वितीय स्थान कम्पोजिट विद्यालय दुद्धी की छात्राओं ने हासिल किया, जबकि तृतीय स्थान गायत्री स्कूल की टीम ने प्राप्त किया।कार्यक्रम में नायब तहसीलदार ज्ञानेन्द्र कुमार, ओमप्रकाश सिंह, डॉ. मुस्कान, लेखपाल संघ के अध्यक्ष विनय कुमार गुप्ता, नगर के रामलीला कमेटी अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि, महामंत्री सुरेन्द्र गुप्ता, जेबीए अध्यक्ष पंकज जायसवाल, दीपक शाह, पूर्व चेयरमैन कमल कुमार कानू, दिनेश आढ़ती, डॉ. मिथिलेश, इरफान खिलाड़ी, दशरथ घसिया, संजय जायसवाल, आनन्द द्विवेदी, पी.के. विश्वास, नीरज जायसवाल समेत क्षत्रपति शिवाजी समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षकगण, पुलिस बल और पीएसी के जवानों ने मौके पर मुस्तैदी से ड्यूटी निभाई।देव दीपावली की इस पावन संध्या पर शिवाजी तालाब की जगमगाती रोशनी और भक्तिमय स्वर लोगों के दिलों में असीम श्रद्धा और आनंद की अनुभूति छोड़ गए।






