तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
ओबरा (सोनभद्र)। आस्था, श्रद्धा और संस्कृति का अनुपम संगम बुधवार को ओबरा नगर में तब देखने को मिला जब आरती चित्र फील्ड, सेक्टर-8 में युवा जागरण मंच द्वारा आयोजित भव्य देव दीपावली महोत्सव 2025 का शुभारंभ शाम 6 बजे बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ किया गया।शाम ढलते ही दीपों की झिलमिल रोशनी से पूरा ओबरा नगर मानो देवभूमि काशी की झलक देने लगा। फूलों, झालरों और रंगीन लाइटों से सजा आयोजन स्थल स्वर्गिक आभा से दमकने लगा। श्रद्धालुओं की भीड़ देर रात तक उमड़ती रही और हर ओर ‘हर हर महादेव’ के जयघोष गूंजते रहे।मंच पर उमड़ा जनसैलाब, अतिथियों की भव्य उपस्थितिमहोत्सव की मेला अध्यक्ष नगर पंचायत अध्यक्ष चांदनी रहीं। मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा काशी क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, राज्य मंत्री (समाज कल्याण) संजीव गौड़, सदर विधायक भूपेश चौबे, जिला अध्यक्ष नंदलाल, पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल चौबे, तथा दुद्धी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी संजीव गौड़ सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, ओबरा क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडे और थाना प्रभारी विजय चौरसिया ने दीप प्रज्ज्वलन व आरती कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वाराणसी से आए विद्वान पंडितों द्वारा शाम 8 बजे से पूजन-अर्चन प्रारंभ हुआ, जिससे पूरे वातावरण में भक्ति की गूंज फैल गई।सांस्कृतिक रंगों में रंगी देव दीपावली की शाममहोत्सव का सांस्कृतिक मंच संगीत, नृत्य और भक्ति की तरंगों से सराबोर हो उठा। भोजपुरी सुपरस्टार समर सिंह ने अपनी गायकी से माहौल को झूमने पर मजबूर कर दिया, वहीं काशी के कलाकार पुनीत जेटली उर्फ पागल बाबा और लोकप्रिय गायिका खुशी कक्कड़ ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया।कार्यक्रम संयोजक अमित उपाध्याय, संस्थापक विपुल शुक्ला, युवा समाजसेवी अमित अग्रवाल, नीरज भाटिया, सभासद राजू साहनी, शिखर सोनी, सौरभ सिंह, राहुल श्रीवास्तव, संदीप सिंह, राकेश अग्रहरी और मजदूर नेता नवाज खान सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।दीपों की रोशनी से नहाया ओबरा, रंगोलियों से सजी धरतीदोपहर से ही श्रद्धालु व स्कूलों के बच्चे आरती चित्र फील्ड पर पहुंचने लगे। बच्चों ने आकर्षक रंगोलियां बनाईं, जिनके चारों ओर सैकड़ों दीपों की कतारों ने पूरा परिसर रोशन कर दिया। शाम 3 बजे से आरंभ हुए दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में हजारों दीपों की लौ ने मैदान को उजाले से नहला दिया।आस्था के साथ एकता का संदेशओबरा की देव दीपावली केवल सजावट और रोशनी का पर्व नहीं रही, बल्कि इसने सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और भारतीय परंपरा के गौरव को जीवंत किया। नगरवासी और बाहर से आए श्रद्धालु इस आयोजन से अभिभूत दिखे। हर किसी की जुबां पर यही था—इस बार ओबरा की देव दीपावली केवल देखी नहीं जा रही, बल्कि जी जा रही है।






