यातायात माह के तहत चलाया सघन चेकिंग अभियान, वाहन चालकों को नियम पालन की दी जा रही सीख

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र/ओबरा। नवंबर माह में मनाए जा रहे यातायात जागरूकता माह के तहत गुरुवार को ओबरा थाना पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के दिशा-निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) एवं क्षेत्राधिकारी ओबरा हर्ष पांडे के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया गया। प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम में कस्बा इंचार्ज विष्णु प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक राम सिंह, कांस्टेबल यशवंत सरोज, कांस्टेबल अरुण यादव तथा महिला कांस्टेबल अर्चना मुख्य रूप से शामिल रहीं।टीम ने ओबरा के सुभाष तिराहे सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मार्गों और चौराहों पर वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों, सीट बेल्ट न लगाने वाले चारपहिया वाहन चालकों तथा ओवरलोड वाहनों को रोककर चालान की कार्यवाही की गई। अभियान के दौरान कई वाहन चालकों को नियमों के उल्लंघन पर चेतावनी दी गई और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित किया गया।क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडे ने बताया कि यातायात माह के मद्देनज़र पूरे जनपद में पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है और नियमों का पालन करने से न सिर्फ स्वयं की बल्कि दूसरों की भी जान सुरक्षित रहती है। उन्होंने यह भी कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।इस मौके पर पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, नशे में वाहन न चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की सख्त हिदायत दी। साथ ही राहगीरों को पंपलेट वितरित कर उन्हें सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात व्यवस्था में सहयोग करने का संदेश दिया गया।अभियान के दौरान ओबरा पुलिस का यह प्रयास स्थानीय लोगों की सराहना का विषय बना, जिसने सड़क सुरक्षा के प्रति जनमानस में सकारात्मक संदेश पहुंचाया।

Leave a Comment