तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र
जनपद में संचालित विभिन्न केंद्रीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं उनकी प्रगति की समीक्षा के लिए जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक 07 मार्च 2026 को अपराह्न 12 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय सांसद छोटेलाल खरवार करेंगे।
परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण (डीआरडीए) सोनभद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रक्रिया एवं दिशा-निर्देशों के तहत केंद्र प्रायोजित योजनाओं के समन्वय और उनकी प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समय-समय पर दिशा समिति की बैठक आयोजित की जाती है। इसी क्रम में यह बैठक आहूत की गई है।
उन्होंने बताया कि बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। साथ ही संबंधित विभागों द्वारा अब तक किए गए कार्यों, योजनाओं की वर्तमान स्थिति, लक्ष्य एवं उपलब्धियों पर भी चर्चा की जाएगी। जिन योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की समस्या या बाधा आ रही है, उनके समाधान के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
बैठक में ग्रामीण विकास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, आवास, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न विभागों से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहेंगे। सांसद द्वारा योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए जाने की संभावना है।
जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को बैठक में अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि योजनाओं की समीक्षा प्रभावी ढंग से की जा सके और विकास कार्यों को गति प्रदान की जा सके।






