तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र/चोपन। भारतीय रेलवे बोर्ड द्वारा प्वाइंट्स मैन कैडर के पुनर्गठन (कैडर रिस्ट्रक्चरिंग) संबंधी आदेश जारी किए जाने के बाद चोपन रेल मंडल के कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। वर्षों से लंबित मांग पूरी होने पर रेलवे कर्मियों ने इसे प्वाइंट्स मैन कर्मचारियों के सम्मान, अधिकार और भविष्य को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक फैसला बताया है।
रेलवे बोर्ड के नए आदेश के अनुसार अब प्वाइंट्स मैन कर्मचारियों को पदोन्नति के बेहतर अवसर मिलेंगे और वे लेवल-5 तक प्रोन्नत हो सकेंगे। इससे पहले कर्मचारियों को सीमित पदोन्नति व्यवस्था के कारण लंबे समय तक एक ही स्तर पर कार्य करना पड़ता था, जिससे उनमें निराशा का माहौल रहता था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद कर्मचारियों के वेतनमान, सेवा सुविधाओं और मनोबल पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
बताया जा रहा है कि यह निर्णय ऑल इंडिया रेलवेमेंस फेडरेशन (AIRF) तथा ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ECRKU) के लगातार संघर्ष और प्रयासों का परिणाम है। यूनियन पदाधिकारियों ने कई चरणों में रेलवे बोर्ड के समक्ष कर्मचारियों की समस्याओं को उठाया था। लंबे समय से मांग की जा रही थी कि प्वाइंट्स मैन कैडर में भी अन्य विभागों की तरह बेहतर प्रमोशनल स्ट्रक्चर लागू किया जाए, ताकि कर्मचारियों के कैरियर ग्रोथ का रास्ता खुल सके।
रेलवे बोर्ड द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था 3 अप्रैल 2026 से प्रभावी मानी जाएगी। आदेश सामने आने के बाद चोपन रेलवे स्टेशन, यार्ड तथा विभिन्न रेल इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों ने खुशी जाहिर की। कई कर्मचारियों ने इसे “संघर्ष की जीत” बताते हुए संगठन और यूनियन नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
कर्मचारियों का कहना है कि प्वाइंट्स मैन रेलवे संचालन की महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। ट्रेनों की सुरक्षित आवाजाही और यार्ड संचालन में उनकी अहम भूमिका रहती है, लेकिन लंबे समय से उन्हें अपेक्षित सुविधाएं और पदोन्नति नहीं मिल पा रही थी। अब रेलवे बोर्ड के इस फैसले से कर्मचारियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।
यूनियन नेताओं ने कहा कि यह सिर्फ पदोन्नति का आदेश नहीं, बल्कि रेलवे कर्मचारियों के आत्मसम्मान और मेहनत की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े अन्य मुद्दों को भी आगे मजबूती से उठाया जाएगा, ताकि रेल कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण और सुविधाएं मिल सकें।






