एक क्लिक की गलती बना सकती है शिकार साइबर सेल ने बताए बचाव के जरूरी उपाय

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। उत्तराखंड में चल रही विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा के दौरान साइबर ठगी की लगातार बढ़ती घटनाओं को देखते हुए सोनभद्र पुलिस ने श्रद्धालुओं के लिए विशेष साइबर एडवाइजरी जारी की है। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी देते हुए कहा है कि साइबर अपराधी हेलीकॉप्टर बुकिंग, होटल आरक्षण, टूर पैकेज और यात्रा पंजीकरण के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।
सोनभद्र पुलिस की साइबर सेल के अनुसार इन दिनों कई फर्जी वेबसाइटें और सोशल मीडिया पेज सक्रिय हैं, जो देखने में बिल्कुल असली पोर्टल जैसे दिखाई देते हैं। श्रद्धालु जल्दबाजी और जानकारी के अभाव में इन वेबसाइटों पर भुगतान कर देते हैं, जिसके बाद न तो बुकिंग कन्फर्म होती है और न ही पैसा वापस मिल पाता है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी एडवाइजरी में श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की हेलीकॉप्टर सेवा, होटल बुकिंग या ट्रैवल पैकेज केवल अधिकृत और सरकारी वेबसाइटों के माध्यम से ही कराएं। किसी अनजान व्यक्ति के मोबाइल नंबर या सोशल मीडिया लिंक पर भरोसा न करें।
पुलिस ने बताया कि साइबर ठग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आकर्षक विज्ञापन डालकर बेहद कम कीमत में होटल और यात्रा पैकेज उपलब्ध कराने का दावा करते हैं। कई मामलों में ठग खुद को ट्रैवल एजेंट या धार्मिक सेवा संस्था का प्रतिनिधि बताकर लोगों से एडवांस भुगतान करवा लेते हैं। भुगतान होने के बाद नंबर बंद कर दिया जाता है और श्रद्धालु ठगी का शिकार हो जाते हैं।
साइबर सेल ने एडवाइजरी में स्पष्ट किया कि किसी भी वेबसाइट पर भुगतान करने से पहले उसका यूआरएल ध्यान से जांचें। वेबसाइट के नाम में मामूली बदलाव कर फर्जी पोर्टल तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और भुगतान से पहले संबंधित सेवा प्रदाता की आधिकारिक जानकारी अवश्य सत्यापित करें।
पुलिस ने लोगों को यह भी सलाह दी कि यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया, व्हाट्सएप या फोन कॉल के माध्यम से तत्काल भुगतान का दबाव बनाता है, तो सतर्क हो जाएं। साइबर अपराधी अक्सर “सीटें खत्म होने वाली हैं” या “अभी भुगतान करें” जैसे संदेशों का उपयोग कर लोगों को मानसिक दबाव में लेते हैं।
सोनभद्र पुलिस ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है तो वह तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराए या साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत करे। समय रहते शिकायत करने पर धनराशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से पुलिस ने अपील की है कि यात्रा के दौरान सावधानी और जागरूकता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। प्रशासन ने कहा कि थोड़ी सतर्कता से बड़ी साइबर ठगी से बचा जा सकता है।

Leave a Reply