जंगल में महिला का कंकाल मिलने से सनसनी ।।

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – विजय सोनी

बीजपुर (सोनभद्र) स्थानीय थाना क्षेत्र के धरतीडाँड़ स्थित मोटकी मुकुट पहाड़ी के जंगल में शनिवार सुबह एक महिला का कंकाल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और मामले की गहन जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह पशुओं को चराने जंगल गए चरवाहों की नजर जंगल में बिखरे मानव अवशेषों पर पड़ी। देखते ही देखते यह खबर क्षेत्र में फैल गई और लोगों की भीड़ जुटने लगी। ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर थाना प्रभारी बीजपुर अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की।
मौके पर महिला का कंकाल बिखरी अवस्था में मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कंकाल और अन्य अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम एवं वैज्ञानिक परीक्षण के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार कुछ समय पूर्व म्योरपुर थाने में पार्वती देवी पत्नी विनोद कुमार, निवासी म्योरपुर की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। इसी आधार पर परिजनों को मौके पर बुलाकर पहचान कराई गई। घटनास्थल से बरामद साड़ी, चप्पल एवं अन्य सामान के आधार पर परिजनों ने मृतका की पहचान पार्वती देवी के रूप में किया ।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। मृत्यु के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक रिपोर्ट तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। घटना से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर जारी है, जबकि पुलिस हर संभावित पहलू पर जांच में जुटी हुई है।

Leave a Comment