पत्रकार एकादश ने जिला प्रशासन एकादश को पांच विकेट से दी पटखनी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – प्रदीप पाल

हनुमानगढ़ – राजस्थान

लगातार दूसरी बार मैत्री क्रिकेट मैच में विजेता ट्रॉफी पर कब्जा, अदरीश खान को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार
हनुमानगढ़/ राजस्थान। (प्रदीप पाल) 75वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जंक्शन स्थित बेबी हैप्पी मॉर्डन पीजी कॉलेज के खेल मैदान में खेले गए मैत्री क्रिकेट मैच में पत्रकार एकादश ने जिला प्रशासन एकादश को पांच विकेट से पटखनी दी। रविवार शाम को खेले गए एकतरफा मैत्री मैच में लगातार दूसरी बार पत्रकार एकादश ने विजेता ट्रॉफी पर कब्जा किया। इससे पहले गणतंत्र दिवस पर 26 जनवरी को आयोजित क्रिकेट मैत्री मैच में भी पत्रकार एकादश की टीम जिला प्रशासन एकादश की टीम को शिकस्त दी थी। स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित मैत्री क्रिकेट मैच में पत्रकार एकादश की टीम के कप्तान अदरीश खान मैन ऑफ द मैच चुने गए। उन्होंने 3 छक्के लगाए और 38 रन के साथ नाबाद रहते हुए अपनी टीम को आसान जीत दिलाई। जिला प्रशासन एकादश की टीम की कमान जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने संभाली। इससे पहले मैत्री क्रिकेट मैच की शुरूआत जिला एवं सेशन न्यायाधीश संजीव मागो, जिला कलक्टर एवं जिला पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त की। इसके बाद टॉस हुआ। जिला प्रशासन एकादश के कप्तान जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। जिला प्रशासन एकादश की टीम निर्धारित 18 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर मात्र 85 रन बना पाई। कप्तान जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने सर्वाधिक 28 रन का योगदान दिया और वे जिला एवं सेशन न्यायाधीश के साथ रिटायर्ड हर्ट हुए। जिला प्रशासन एकादश की टीम के कप्तान जिला कलक्टर व सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा (12) को छोड़कर अन्य कोई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। पत्रकार एकादश की टीम के गेंदबाज हरदीप सिंह ने सर्वाधिक 2 विकेट, अदरीश खान, विजय मेहंदीरत्ता, करण गर्ग, गौरव व प्रशांत ने 1-1 विकेट चटकाया। 86 रन के स्कोर का पीछा करने उतरी पत्रकार एकादश की टीम ने पांच विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। अदरीश खान के साथ प्रशान्त 10 रन बनाकर नाबाद रहे। जिला प्रशासन एकादश के गेंदबाल रवि दाधिच ने 2, केदार व रतन ने 1-1 विकेट हासिल किया। पूरे मैच में पत्रकार एकादश की टीम विपक्षी जिला प्रशासन एकादश की टीम पर हावी रही। समापन समारोह में जिला कलक्टर, जिला एवं सेशन न्यायाधीश तथा बेबी हैप्पी मॉर्डन पीजी कॉलेज के डायरेक्टर तरुण विजय ने विजेता व उपविजेता टीम के खिलाडिय़ों को पुरस्कृत किया। इस मौके पर जिला कलक्टर ने कहा कि मीडियाकर्मी निष्पक्ष रूप से पत्रकारिता करें और अधिक से अधिक सरकार की योजनाओं के बारे में लिखें ताकि जरूरतमंद को इनका लाभ मिल सके। उन्होंने मैच के दौरान की गई व्यवस्थाओं के लिए कॉलेज प्रबंधन को साधुवाद दिया। जिला एवं सेशन न्यायाधीश ने मजाकिया लहजे में कहा कि उम्मीद है 26 जनवरी पर जिला प्रशासन एकादश की टीम पत्रकार एकादश को मैत्री मैच में हराएगी। कॉलेज डायरेक्टर तरुण विजय ने कहा कि इस तरह के आयोजन आवश्यक भी हैं। यह सेहत के लिए तो फायदेमंद तो हैं ही एक-दूसरे को जानने का भी मौका देते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजन के लिए कॉलेज प्रबंधन सहयोग को तैयार रहेगा। वरिष्ठ पत्रकार गोपाल झा ने कहा कि किसी भी टीम में एकजुटता होना जरूरी है। इसका उदाहरण आज पत्रकार एकादश की टीम के खिलाडिय़ों ने प्रस्तुत किया। इसका नतीजा यह रहा कि टीम ने फिर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा किया। उम्मीद है कि यही प्रदर्शन आगामी मैत्री मैचों में भी जारी रहेगा। मैच में बीसीसीआई पैनल अम्पायर राजीव गोदारा व आरसीए लेवल प्रथम अम्पायर विक्रम सिंह औलख ने अम्पायरिंग की। बलविन्द्र खोसा ने स्कोरर व कार्टूनिस्ट मस्तान सिंह ने कॉमेंटेटर की भूमिका निभाई। इस मौके पर बेबी हैप्पी मॉर्डन पीजी कॉलेज चेयरमैन आशीष विजय, रौनक विजय, जिला प्रशासन एकादश की टीम के खिलाड़ी जिला परिषद सीईओ अशोक असीजा, डीटीओ जगदीश अमरावत, पीआरओ सुरेश बिश्नोई, सीआई सुभाष कच्छावा, प्रतीक, मोहित, सुभाष, पत्रकार एकादश टीम के मनोज पुरोहित, हरी चारण, राहुल, राकेश सहारण, विक्रम हाडा, बलजीत सिंह, प्रदीप पाल, विश्वास भटेजा, चन्द्रपाल पंवार, कुलदीप शर्मा आदि मौजूद थे।

Leave a Comment