तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – इब्राहिम खान
महिला ने बेटी को घर से ले जाने का लगाया आरोप
दुद्धी, सोनभद्र। स्थानीय कोतवाली में मंगलवार की शाम पूर्व विधायक हरिराम चेरो और उनके दो पुत्रों समेत पांच लोगों के विरुद्ध एक महिला ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि पूर्व विधायक के पुत्र और उसके दो साथी उसकी शादीशुदा बेटी को जबरन उठाकर ले गए। अब पूर्व विधायक उसे फोन कर धमकी दे रहे हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को लिखित तहरीर में बताया है कि पहली जुलाई को उसकी 19 वर्षीय बेटी भाई के साथ घर के बाहर बैठी थी। इस दौरान सफेद रंग की स्कार्पियो से मंगलम चेरो और राहुल चेरो पुत्र गण हरिराम चेरो निवासी ग़ड़दरवा अपने साथी प्रियांशु द्वारा पूजन के साथ वहां पहुंचे। उसकी बेटी को जबरन उठाकर अपने साथ ले गए। उसने बेटी की काफी तलाश की लेकिन कहीं पता नहीं चला। अलबत्ता मंगलम और राहुल के पिता हरिराम ने चेरो ने उसे फोन पर धमकाया कि कहीं शिकायत करने पर उसका अंजाम ठीक नहीं होगा। महिला ने बेटी के साथ अप्रिय घटना की आशंका जताई है। उसकी बेटी शादीशुदा है। इसी वर्ष उसकी शादी मध्यप्रदेश में हुई है। कोतवाली प्रभारी सुभाष चंद राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर पांचों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।






