तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – इब्राहिम खान
अराजकता एवं उन्माद पैदा करने वालों के साथ पुलिस सख्ती से निबटेगी-एडिशनल एसपी
दुद्धी, सोनभद्र। सोमवार को तहसील परिसर में मोहर्रम पर्व के मद्देनजर पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे एडीएम सहदेव मिश्रा ने कहा कि पूर्व की भांति इस बार भी परंपरागत ढंग से अमन चैन के साथ त्योहार मनाया जाना चाहिए, जिससे आपसी सौहार्द बना रहे। उन्होंने दोनों समुदाय के बीच कुछ बिंदुओं पर उपजे मतभेद को दूर कर सामंजस्य स्थापित करने के लिए त्यौहार बाद प्रशासनिक अधिकारियों की मध्यस्थता में एक अलग से बैठक कराने की बात कही। इसके साथ ही चेताया कि त्यौहार में किसी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नही की जाएगी। ऐसे लोगों के खिलाफ कानून अपना काम करेगा। उन्होंने समय रहते ईओ दुद्धी रामसमुख को साफ-सफाई, पानी एवं एसडीओ विद्युत तीर्थराज व जेई अनिल कुमार गौतम को बिजली की मुकम्मल बंदोबस्त करने का निर्देश दिया। एएसपी त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने कहा कि पुराने मतभेदों को दरकिनार कर में सभी लोग त्योहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। प्रशासन की एक एक व्यक्ति पर पैनी नजर रहेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अराजकता एवं उन्माद पैदा करने वालों के साथ पुलिस सख्ती से निबटेगी।

ऐसे लोगों की वीडियोग्राफी करायी जायेगी और त्यौहार बाद मुकदमा दर्जकर एक एक लोगों को जेल भेजा जायेगा। उन्होंने समाज के अगुवा एवं बुजुर्गों से अपील करते हुए कहा कि अति उत्साही एवं उन्मादी युवाओं को सचेत कर दें, अन्यथा पुलिसिया कार्रवाई में उनका फ्यूचर बर्बाद होगा और पूरा परिवार भी सफर करेगा। कोतवाल नागेश सिंह ने कहा कि सभी लोग सुचारू ढंग से त्योहार को मनाये।सुरक्षा के मद्देनजर सिविल ड्रेस में जगह जगह पुलिस तैनात रहेगी और सीसीटीवी की निगरानी के साथ पुलिस पैनी नजर रखेगी।

इसके अलावा जेबीएस अध्यक्ष कन्हैयालाल, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र श्रीवास्तव, महामंत्री कमल कानू, दिलीप पांडेय, सदर कल्लन खान, सैफुल्लाह सदर मुहर्रम कमेटी के बनारसी शाह तालिब , शाह सेराज खान समेत अन्य विशिष्टजनों ने अपने अपने विचार रखे। बैठक में चेयरमैन कमलेश मोहन, तहसीलदार ब्रजेश वर्मा, नायब तहसीलदार विशाल पासवान, मनोज मिश्रा, मनोज सिंह बबलू, रामपाल जौहरी दिलीप पांडे राकेश श्रीवास्तव, सुरेंद्र गुप्ता, राजकुमार अग्रहरि, मनीषजायसवाल सुमीत सोनी, संजू तिवारी, सोनू जायसवाल समेत सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।






