छठ महापर्व पर सुरक्षा पुख्ता: एसपी अभिषेक वर्मा ने चोपन क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों का किया निरीक्षण

IMG-20251021-WA0008

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। आगामी छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मंगलवार को चोपन थाना क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण जैसे सभी अहम बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान एसपी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि छठ पर्व के दौरान घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया जाए। नदी और तालाबों के घाटों पर पुलिस, पीएसी, जल पुलिस तथा स्थानीय गोताखोरों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।एसपी वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को यह भी कहा कि अग्निशमन दल, एम्बुलेंस और होमगार्ड्स की टीमें लगातार सतर्क रहें ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। उन्होंने स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर निरंतर गश्त और निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ट्रैफिक पुलिस को छठ घाटों को जोड़ने वाले सभी मार्गों पर यातायात सुचारू रखने के लिए विशेष इंतजामी योजना बनाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी कारण से श्रद्धालुओं को जाम या भीड़भाड़ की परेशानी न हो।संवेदनशील छठ घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, ड्रोन कैमरे से निगरानी रखने और विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिस कर्मियों को तैनात करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि “मिशन शक्ति” के तहत सभी अधिकारी और कर्मचारी सतर्क दृष्टि बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्परता से कार्रवाई करें।एसपी ने यह भी चेतावनी दी कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अस्वीकार्य होगी और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक चोपन सहित अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति रही।अंत में, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे छठ पर्व जैसे पवित्र धार्मिक आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और क्षेत्र में स्वच्छ, शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाएं।

About the Author

Leave a Reply