पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा थाना जुगैल का औचक निरीक्षण, जनसुनवाई कर अधीनस्थों को दिए कड़े दिशा-निर्देश

IMG-20251022-WA0013

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था तथा जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण को लेकर पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा ने आज थाना जुगैल का औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंचे पुलिस अधीक्षक के निरीक्षण से थाना परिसर में हड़कंप मच गया। उन्होंने थाना परिसर के अभिलेखों, मालखाना, हवालात, बीट रजिस्टर, आगंतुक पंजी सहित अन्य अभिलेखों का गहन अवलोकन किया।निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की स्वच्छता व्यवस्था, मालखाने की स्थिति, एवं अभिलेखों के रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने थाने में उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को साफ-सुथरी कार्यशैली अपनाने, जनता के प्रति शालीन व्यवहार रखने एवं पीड़ितों की शिकायतों का शीघ्र और निष्पक्ष निस्तारण करने का निर्देश दिया।इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र से आए ग्रामीणों की जनसुनवाई भी की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि जनता की प्रत्येक शिकायत का समाधान समयबद्ध व पारदर्शी ढंग से किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।एसपी ने बीट सिस्टम को और मजबूत बनाने, गश्त व्यवस्था को नियमित रखने तथा वांछित/वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु अभियान तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी जुगैल सहित समस्त पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा। पुलिस अधीक्षक ने अंत में कहा कि “जनता की सुरक्षा और विश्वास पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है, इसे बनाए रखने के लिए प्रत्येक अधिकारी को ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।”

About the Author

Leave a Reply