भलुआ टोला रेलवे पटरी के पास अर्धनग्न शव मिलने से सनसनी मौके पर भारी भीड़ जुटी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ –किरण साहनी

सोनभद्र। ओबरा थाना क्षेत्र के भलुआ टोला रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब करीब 200 मीटर आगे रेलवे पटरी के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का अर्धनग्न शव पड़ा मिला। शव को देखते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक के शरीर पर कई जगह गहरे चोट के निशान दिखाई दे रहे थे, जिससे मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने तत्काल ओबरा थाना पुलिस को दी।जानकारी मिलते ही उपनिरीक्षक राजेश दुबे व उपनिरीक्षक रामलोचन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और क्षेत्र को घेराबंदी करके जांच शुरू कर दी। पुलिस मौके से साक्ष्य एकत्र कर रही है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उच्चाधिकारियों को भी सूचना दे दी गई है।बताया जा रहा है कि यह स्थान भलुआ टोला रेलवे क्रॉसिंग से लगभग 200 मीटर आगे पोल संख्या 134/48 और 134/49 के बीच का है। फिलहाल पुलिस हर संभावित पहलू पर जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाई जा सके।

Leave a Comment

[democracy id="1"]