तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। शासन की गाइडलाइन के अनुसार महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को पन्नूगंज थाना क्षेत्र में मिशन शक्ति फेज-05 के तहत जन चौपाल का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन, सदर क्षेत्राधिकारी राज के कुशल मार्गदर्शन तथा प्रभारी निरीक्षक पन्नूगंज अखिलेश मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित हुआ।कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मी मय फोर्स उपस्थित रहीं, जिन्होंने क्षेत्र की महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा, महिला सुरक्षा से संबंधित नए कानूनों, यातायात नियमों के पालन और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में मदद के लिए दिए गए हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने की अपील की गई।चौपाल के दौरान पुलिस कर्मियों ने पम्पलेट वितरण कर महिलाओं और युवतियों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों 1090 (महिला पावर लाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1098 (बाल हेल्पलाइन), 102 (स्वास्थ्य सेवा), 108 (एंबुलेंस सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के प्रयोग और महत्व की विस्तार से जानकारी दी।पुलिस टीम ने बताया कि सरकार द्वारा महिला कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, ग्रामीण आवास योजना, महिला पेंशन योजना और वृद्धा पेंशन योजना प्रमुख हैं। लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की भी अपील की गई।इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्रा ने कहा कि महिला सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पन्नूगंज थाना क्षेत्र में नियमित रूप से ऐसे जनचौपालों का आयोजन किया जा रहा है ताकि हर महिला अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक हो सके।कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मी अंजली सरोज और लक्ष्मी ने उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं से संवाद करते हुए बाल श्रम, बाल विवाह, घरेलू हिंसा और साइबर अपराध जैसे सामाजिक व कानूनी मुद्दों पर जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में महिलाएं बिना हिचक पुलिस या हेल्पलाइन नंबरों पर तुरंत सूचना दें।जनचौपाल में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं, किशोरियाँ और ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिला सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता की दिशा में सराहनीय कदम बताया।






