ओबरा पुलिस ने स्कूलों में चलाया नए आपराधिक कानूनों पर जागरूकता

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

ओबरा (सोनभद्र) दंड से न्याय की ओर इसी संदेश के साथ थाना ओबरा पुलिस ने आज ओबरा नगर के विभिन्न विद्यालयों में नए आपराधिक कानूनों को लेकर एक जागरूकता अभियान चलाया। इस विशेष अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक विजय चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छात्रों को भारत के नए तीन आपराधिक कानूनों भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की मुख्य बातें सरल भाषा में समझाईं।कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ये नए कानून 1 जुलाई 2025 से पूरे देश में लागू हो चुके हैं और इनका उद्देश्य है “न्याय में तेजी, पीड़ित को सुरक्षा और अपराधी को समय पर सजा।” छात्रों को बताया गया कि अब FIR दर्ज होने से लेकर जांच, साक्ष्य, सुनवाई और सजा तक की पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और तकनीकी रूप से उन्नत हो गई है।पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि अब हर नागरिक को अपने अधिकार और कर्तव्य की जानकारी होना बेहद ज़रूरी है। पुलिस ने यह भी बताया कि साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, नशे की रोकथाम और ऑनलाइन फ्रॉड जैसे मुद्दों पर भी नए कानूनों में सख्त प्रावधान किए गए हैं।इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक विजय चौरसिया ने कहा हम चाहते हैं कि नई पीढ़ी कानूनों को केवल डर के रूप में नहीं, बल्कि अपने सुरक्षा कवच के रूप में समझे। जागरूक नागरिक ही अपराध मुक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं।विद्यालयों में छात्रों ने पुलिस अधिकारियों से कई सवाल पूछे जैसे ऑनलाइन अपराध की शिकायत कहाँ करें, महिला हेल्पलाइन नंबर क्या है, और पुलिस सहायता कैसे प्राप्त की जा सकती है। अधिकारियों ने सभी प्रश्नों के उत्तर बड़े ही सहज ढंग से देकर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।अभियान के अंत में छात्रों ने “हम जागरूक नागरिक बनेंगे, कानून का सम्मान करेंगे” का संकल्प लिया।यह पहल न सिर्फ छात्रों को कानून के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है, बल्कि समाज में पुलिस और जनता के बीच विश्वास की डोर को भी और मजबूत कर रही है।

Leave a Comment