तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज तहसील क्षेत्र में बुधवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया जब खाद से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर नहर में जा पलटा। घटना रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के सिद्धि पुलिया के पास की बताई जा रही है। हादसे में बड़ी जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन नहर में खाद मिला पानी दूषित होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अरौली स्थित क्षेत्रीय सहकारी समिति की ओर खाद पहुंचाने जा रहा ट्रक जैसे ही नहर किनारे बनी संकरी सड़क से गुजर रहा था, तभी चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया। अचानक संतुलन बिगड़ते ही ट्रक सड़क किनारे से फिसलकर नहर में पलट गया। पलटने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और तत्काल राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से चालक और खलासी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दोनों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। नहर के दूषित पानी को लेकर सिंचाई विभाग के अधिकारी स्थिति का जायजा लेने में जुट गए हैं। ट्रक को नहर से बाहर निकालने के लिए भारी क्रेन मंगाई गई है, वहीं ट्रक में भरे खाद के थैले नहर के पानी में बहने लगे जिससे पानी का रंग बदल गया। इस कारण ग्रामीणों में पीने और सिंचाई के उपयोग को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है।गांव वालों ने बताया कि यह सड़क काफी संकरी और जर्जर है, जिस पर आए दिन भारी वाहन फिसलने की घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की मरम्मत कराकर रेलिंग बनाई जाए ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं और ट्रक को बाहर निकालकर साफ-सफाई का काम जारी है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर कोई नहर में पलटे खाद लदे ट्रक का मंजर देखकर दंग रह गया।






