तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के वाराणसी–शक्तिनगर मुख्यमार्ग पर रविवार भोर में ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे क्षेत्र को सन्न कर दिया। सुबह करीब पांच बजे पानी लेने निकली 55 वर्षीय चंदा देवी (पत्नी – सुरेश मोदनवाल) को एक तेज़ रफ़्तार ट्रक ने इतनी ज़ोरदार टक्कर मारी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।खौफनाक मंजर देख सन्न रह गए ग्रामीण स्थानीय लोगों के अनुसार चंदा देवी रोज़ की तरह घर से पास बनी पानी की टंकी की ओर जा रही थीं। तभी वाराणसी दिशा से आ रहा ट्रक अचानक नियंत्रण खो बैठा। डिवाइडर पार करते हुए वह पश्चिमी पटरी पर चढ़ गया और सड़क किनारे खड़ी महिला को रौंदता हुआ सामने खड़े एक अन्य ट्रक में जा भिड़ा। टक्कर इतनी तीव्र थी कि महिला का सिर दो ट्रकों के बीच आकर बुरी तरह कुचल गया। मौके पर चीख–पुकार मच गई, और लोग भय से थर्रा उठे।बड़ा हादसा टला, मगर एक परिवार उजड़ गया ग्रामीणों ने बताया कि यदि सामने खड़ा ट्रक न होता तो अनियंत्रित वाहन पास के मकानों में जा घुसता, जिससे कई लोगों की जान जा सकती थी। गनीमत रही कि टकराव से ट्रक की गति रुक गई, लेकिन इस हादसे ने एक परिवार की मां, बच्चों का सहारा छीन लिया।परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ मृतका के तीन बेटे और एक बेटी हैं। बेटी और एक बेटे का विवाह हो चुका है, जबकि दो बेटे अभी अविवाहित हैं। मां की असमय मौत ने परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया। परिजनों का रो–रोकर बुरा हाल है, और पूरा कम्हरिया गांव मातम में डूब गया है।ग़ुस्से में उबाल – ग्रामीणों ने किया मार्ग जाम घटना के बाद ग़ुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने वाराणसी–शक्तिनगर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना था कि हाईवे पर तेज़ रफ़्तार और अवैध ट्रकों की बेलगाम आवाजाही से रोज़ लोग जान जोखिम में डाल रहे हैं।पुलिस की तत्परता – जाम खुलवाया, जांच शुरू सूचना पाकर सुकृत पुलिस चौकी प्रभारी रविकांत मिश्र तत्काल मौके पर पहुँचे। उन्होंने ग्रामीणों और परिजनों को शांत कराया, कार्रवाई का भरोसा दिया, और कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को खाली करवाया। कुछ घंटों बाद यातायात सामान्य हो सका।चालक फरार, ट्रक जब्त, हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों ट्रकों को कब्ज़े में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। चालक की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है।जनता की मांग – सख्त निगरानी और स्पीड कंट्रोल ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हादसों पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।
लोग चाहते हैं कि –सड़क पर स्पीड कंट्रोल लागू किया जाए।नियमित चेकिंग और बैरियर लगाए जाएं।अवैध व ओवरलोड ट्रकों की धरपकड़ हो।सुबह के समय पैदल यात्रियों की सुरक्षा हेतु निगरानी बढ़ाई जाए।ग्रामीणों ने चेताया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।






