खनन पट्टा धारकों की जिलाधिकारी से बैठक, 13 सूत्रीय मांगों के साथ समाधान की उम्मीद

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। डाला बिल्ली क्रशर ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में शनिवार को खनन पट्टा धारकों का एक प्रतिनिधि मंडल जिलाधिकारी से मिला। इस बैठक में एसोसिएशन ने खनन क्षेत्र में आ रही विभिन्न समस्याओं को लेकर अपनी 13 सूत्रीय मांगें सौंपते हुए तत्काल समाधान की गुहार लगाई।खनन पट्टाधारकों ने गुलज़ार की खनन कार्य को पुनः मानक के अनुरूप सुरक्षात्मक उपायों के साथ शुरू कराने की बात कही। उन्होंने खनन पट्टों पर चल रहे अवैध तथा बंद पड़े खनन कार्यों को खत्म कर पूरी तरह से नियमित और नियंत्रित खनन की मांग की।मुख्य मांगों में मुख्यमंत्री की मंशा के अनुसार छोटे खनन पट्टों को ई-टेंडर प्रक्रिया से हटाकर खनिज क्षेत्र के विकास में तेजी लाने व उपभोक्ताओं को गिट्टी और बालू कम कीमत पर उपलब्ध कराने की बात उठाई गई। एसोसिएशन का तर्क था कि सोनभद्र की भूमिधरी (किसानी) जमीनों में पत्थर की प्रचुरता है, जिसे खनन पट्टा धारकों को दिया जाना चाहिए ताकि किसान भी अपनी जमीन खनन के लिए उत्सुक हों और खनन गतिविधि में वृद्धि हो।उन्होंने मांग की कि किसानों की भूमिधरी जमीनों के बीच स्थित राज्य सरकार की जमीनों को मिलाकर खनन पट्टा जारी किया जाए, जिससे सड़क, पुल और भवन निर्माण के लिए किफायती दरों पर अधिक गिट्टी व पत्थर उपलब्ध हो सकें। इससे सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों को गति मिलेगी।एसोसिएशन ने क्षेत्रीय कार्यालय से सीटीओ (संचालन की सहमति) की कार्यवाही पूरी करने, 14 नवंबर 2025 को जारी आदेश को निरस्त करने तथा व्यापारियों को लखनऊ कार्यालय के चक्कर से बचाने की भी मांग की। इसके अलावा, क्रशर उद्योग को लघु उद्योग घोषित कर प्रदूषण मुक्त मानने, संबंधित विभाग के नियंत्रण से मुक्त करने, और लघु उद्योग की सारी सुविधाएँ दिए जाने की भी मांग की गई।खनन पट्टाधारकों ने दुद्धी तहसील में क्रशर लगाने की अनुमति और पट्टों के लिए रेंज ऑफिस तथा डीएफओ ऑफिस से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने की समय सीमा निर्धारण की मांग भी की। इसके साथ ही वन विभाग की उन जमीनों के लिए अनापत्ति प्रक्रिया समाप्त करने की अनुरोध की गई जो जंगल से बाहर हो चुकी हैं।जनपद सोनभद्र में धारा 20 के तहत जिन छोटे-छोटे वन क्षेत्र की वजह से 100 मीटर के बफर जोन लागू होने से बड़े पट्टे नहीं मिले, इस समस्या का स्थायी समाधान भी एसोसिएशन ने जिलाधिकारी से मांग किया।बैठक में जिलाधिकारी ने खनन पट्टा धारकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र उच्च अधिकारियों को पत्र भेजकर समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया।इस अवसर पर एसोसिएशन के कार्यकारी सदस्यों सहित अयोध्या दूबे, उस्मान अली, चंद्रभूषण गुप्ता, मिंटू राय, सुशील सिंह, अजय यादव, मिथिलेश अग्रहरि, ताड़केश्वर केशरी, देवेंद्र केशरी, सुरेश केशरी, शफीक अहमद, गणेश अग्रवाल, राहुल गोयल, अजय ओझा, नीरज भाटिया, कमलेश्वर केशरी, अयान अहमद सहित कई खनन पट्टा धारक मौजूद रहे।इस बैठक को लेकर खनन उद्योग से जुड़े व्यापारी व पट्टा धारक बेहद उम्मीद से देख रहे हैं कि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही होगी और क्षेत्रीय खनन उद्योग को नया मजबूती और विकास मिलेगा।

Leave a Comment