तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – श्रीकांत सिंह
बीजपुर(सोनभद्र)बीजपुर-बकरिहवा सड़क मार्ग पर खस्ताहाल और जानलेवा गड्ढों में तब्दील हो जाने के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया।सोमवार दोपहर बड़ी संख्या में आक्रोशित ग्रामीणों ने सेवकामोड़ के पास सड़क पर इकठ्ठा होकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का कहना है कि पिछले पांच वर्षों से इस मार्ग की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है। पूरी सड़क पर जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे बन चुके हैं।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं के कारण यह रास्ता अब खूनी मार्ग के रूप में तब्दील हो चुका है।स्थानीय आंकड़ों के अनुसार इस मार्ग पर प्रतिवर्ष दर्जनों लोग अपनी जान गंवा रहे हैं लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।ग्रामीणों ने जिलाधिकारी सोनभद्र का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकृष्ट कराते हुए कहा कि प्रशासन की अनदेखी निर्दोष लोगों की जान पर भारी पड़ रही है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क का मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व मुख्य रूप से जल समिति अध्यक्ष सोहन लाल जायसवाल और अन्य स्थानीय नागरिकों ने किया। मौके पर सुशील कुमार जायसवाल,सोहन लाल जायसवाल,श्रवण कुमार शर्मा
सिद्धू कुमार शर्मा,पवन कुमार भारतीबजरंगी जायसवाल,विनय गुप्ता विक्रम जायसवाल,अरबिन्द कुमार देवांगन,बिट्टू गुप्ता सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






