तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़-(मुन्ना लाल जायसवाल)
कोन (सोनभद्र)।कोन–तेलगुड़वा मार्ग पर बालू साइड रोगही के पास मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सामने से आ रहे ट्रक को बचाने के प्रयास में ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो सवार छह लोग घायल हो गए।
हादसे में ऑटो चालक रामनिहोर चेरो (45) पुत्र स्व. रातुल, निवासी चाची खुर्द थाना कोन की मौत हो गई। वहीं उनकी भांजी अनिता (25), बहन लीलावती (48) और मां गुलजरिया (75) गंभीर रूप से घायल हो गईं।
परिजनों के अनुसार गुलजरिया 15 दिन पहले अपनी बेटी के घर मदरिया पड़रक्ष गई थीं, जहां उन्हें पैरालिसिस का अटैक आया था। मंगलवार को रामनिहोर अपने भाई ललित मोहन, बहन, भांजी समेत कुल सात लोगों के साथ ऑटो से मां को लेने मदरिया गया था। लौटते समय शाम करीब चार बजे रोगही के पास हादसा हो गया।
घायलों को तत्काल कोन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने रामनिहोर को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अनिता और गुलजरिया का इलाज जारी है, जबकि अन्य घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे दुध्दि पोस्टमार्टम हाउस के लिए भेज दिया। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मृतक रामनिहोर परिवार का एकमात्र कमाने वाला था। वह ड्राइवरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके सात बेटियां और एक मासूम बेटा है। हादसे से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।






