तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। वाराणसी–शक्तिनगर मार्ग पर गुरुवार को एक तेज रफ्तार डंपर ने सीमेंट से लदे ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि गनीमत रही कि ट्रैक्टर चालक और उस पर सवार मजदूर इस भीषण हादसे में बाल-बाल बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बिछी गांव के पास स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने हुई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर पर सीमेंट लादकर चालक वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग से गुजर रहा था, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा लगा, जिससे वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए वाराणसी–शक्तिनगर मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हो गया और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य में जुट गए। वहीं सूचना मिलते ही राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर और डंपर को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर की तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण अक्सर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है और दोनों वाहनों के चालकों के संबंध में जानकारी एकत्र की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






